'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां', नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कसा तंज

पटना स्नातक सीट पर जनता दल के उम्मीदवार नीरज कुमार ने चुनाव जीतने का दावा किया है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है
 

पटना स्नातक सीट पर जनता दल के उम्मीदवार नीरज कुमार ने चुनाव जीतने का दावा किया है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। इस जीत के बाद नीरज कुमार ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि हमने जनबल और कार्यकर्ता बल के सामने धनबल और बाहुबल को झुका दिया। वहीं जब नीरज कुमार से यह सवाल किया गया कि जो मिठाइयां विरोधियों ने बनाई उनका क्या होगा? इस पर तंज कसते हुए नीरज कुमार ने कहा-'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां।'

दरअसल, काउंटिंग से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर मिठाइयां बननी शुरू हो गई थी। बड़े पैमाने पर कार्यकर्ता भी जुटे हुए थे और यह कहा जा रहा था कि जनसुराज के उम्मीदवार अनुज भारी मतों से जीतेंगे, इसी खुशी में मिठाइयां बन रही हैं। खुद अनंत सिंह ने भी दावा किया था कि चुनाव में जनसुराज के अनुज भारी मतों से जीतेंगे। इस जीत का उन्हें पक्का विश्वास है इसलिए काउंटिंग शुरू होने के पहले से ही मिठाइयां बन रही हैं।

जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक परिणाम की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन नीरज कुमार ने दावा किया है कि उनकी जीत तय है। वहीं, उनके खिलाफ जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी मैदान में उतरे मोकामा विधायक अनंत सिंह ने भी अब अपनी हार स्वीकार कर ली है। दोनों नेताओं के ताजा बयानों ने इस चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है।

नीरज कुमार से जब पूछा गया कि क्या उनकी जीत हो गई है, तो उन्होंने कहा कि अभी आधिकारिक घोषणा होने दीजिए। उन्होंने कहा कि जीत तय है और इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। नीरज कुमार ने समर्थकों से थोड़ा धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि आधिकारिक ऐलान के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

नीरज कुमार ने व्यंग्य करते हुए कहा, “एक लाख क्या चीज बना था? वह सब लगता है नमकीन रसगुल्ला था।” इसके बाद उन्होंने अरविंद सिंह का नाम लेते हुए भी तंज कसा और कहा कि अब उनसे जाकर पूछिए कि नेताजी खिड़कियों से बाहर आएंगे कि नहीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि कहीं ऐसा न हो कि लोग सिर्फ मीम्स और रील बनाते रह जाएं।