शिक्षित, संगठित एवं आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा: डॉ. प्रेम कुमार

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। 
 

बिहार विधान सभा स्थित सभागार में आयोजित अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्य समिति एवं युवा राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष–सह–बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। चंद्रवंशी समाज के युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेते हुए आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। युवाओं को सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, जरूरतमंदों की सहायता तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेना चाहिए। स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र, त्याग, साहस एवं परिश्रम को जीवन का आधार बनाने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रहे विकसित भारत, विकसित बिहार के संकल्प से युवा जुड़ें और देश एवं बिहार के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY), राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS), प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं नेशनल करियर सर्विस (NCS) जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण, रोजगार, इंटर्नशिप एवं उद्यमिता के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार की बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना एवं बिहार स्टार्टअप नीति का उल्लेख करते हुए युवाओं से पात्रतानुसार इनका लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए युवाओं को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं निर्धारित नियमों की सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है।

उन्होंने महासभा की युवा इकाई से गाँव-गाँव तक शिक्षा, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता एवं रोजगार जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठित, शिक्षित, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित सिंह मंगल ने की तथा मंच संचालन राष्ट्रीय महामंत्री रणविजय रोशन ने किया। कार्यक्रम में माननीय कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता राज सिंह चंद्रवंशी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ चंद्रवंशी, दक्षिण बिहार प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार, उत्तर बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार, राष्ट्रीय मंत्री मनोज कुमार चंद्रवंशी, पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, असम प्रदेश अध्यक्ष प्रभाकर कुमार सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।