भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में मलेशिया को हराकर 5वीं बार जीता गोल्ड, 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई
Newshaat Desk: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर पांचवीं बार प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। इसी के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजिलस 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। एशियन गेम्स 2026 में भारत के अब 21 गोल्ड मेडल हो गए हैं। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत की महिला और पुरुष टीम दोनों टीमों ने एशियन गेम्स में एक साथ गोल्ड मेडल जीता है। शुक्रवार को भारतीय महिला टीम ने भी गोल्ड अपने नाम किया था। महिला टीम ने भी ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
फाइनल मुकाबला भारत ने एकतरफा कर दिया। मलेशिया के खिलाड़ी टक्कर नहीं दे पाए। खेल के पहले क्वार्टर में ही भारत के हरनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 14वें मिनट में मलेशिया ने एक-एक की बराबरी कर ली। दूसरे क्वार्टर में खेल के 23वें मिनट में भारत ने गोल किया और बढ़त को 2-1 कर ली। इस बार गुजराज सिंह ने गोल किया। तीसरे क्वार्टर में खेल के 42वें मिनट में हार्दिक ने स्कोर करके बढ़त को 3-1 कर दिया। चौथे क्वार्टर में खेल के 54वें मिनट में शिलानंद ने गोल दागा और उसके बाद 57वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और गोल करके भारत की बढ़त को 5-1 कर दिया।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चार बार गोल्ड मेडल पहले ही जीत लिया था। यह पांचवीं बार है जब भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियन गेम्स में चैंपियन बनी है। भारत ने पहली बार साल 1966 में बैंकाक में यह खिताब जीता था। इसके बाद 1998 में गोल्ड जीता। यह टूर्नामेंट भी बैकाक में हुआ था। साल 2014 में टीम इंडिया ने इंचियोन में खिताब जीता। इसके बाद साल 2023 में हांगझोऊ में भी टाइटल जीता। भारत डिफेंडिंग चैंपियन था और साल 2026 में खिबात बचाने में सफलता हासिल कर ली है।
सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया था, जबकि मलेशिया ने साउथ कोरिया को 2-1 से शिकस्त दी थी। स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय टीम ने एलए 2028 ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया है। भारत ने पूल ए में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, रिपब्लिक ऑफ कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से हराकर नॉकआउट राउंड में जगह बनाई। हालांकि, सेमीफाइनल में उसे पाकिस्तान से मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ा। वहीं, मलेशिया की बात करें तो उसने बिना कोई मैच हारे पूल बी में टॉप किया। ग्रुप स्टेज में उन्होंने उज्बेकिस्तान को 7-0, ओमान को 7-0 और थाईलैंड को 10-0 से करारी शिकस्त दी। साथ ही पाकिस्तान को 5-4 से हराया। इसके बाद सेमी-फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया।