Lakshya Raichandani: कौन हैं लक्ष्य रायचंदानी? 93 रन की पारी से भारत U-19 एशिया कप के फाइनल में
U-19 Asia Cup 2026: मेंस अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से मात दी और फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। भारत की जीत में कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने अहम भूमिका निभाई। 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लक्ष्य ने आर्यवीर सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की। आर्यवीर ने 51 रन बनाए, जबकि लक्ष्य 93 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर शतक से महज 7 रन दूर रह गए। उनकी इस बल्लेबाजी ने भारत की जीत आसान बना दी। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद लक्ष्य रायचंदानी सुर्खियों में हैं और उनके क्रिकेट करियर को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कौन हैं लक्ष्य राजेश रायचंदानी?
लक्ष्य राजेश रायचंदानी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वह उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. लक्ष्य के दादा तुलसीदास रायचंदानी गोंडा के पूर्व विधायक रह चुके हैं. उनके पिता राजेश रायचंदानी भाजपा नेता हैं.
लक्ष्य ने बहुत छोटी उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. उनके पिता के मुताबिक, जब वह पांच साल के थे, तब उन्हें खिलौने के रूप में एक बल्ला दिया गया था. इसके बाद उनका लगाव क्रिकेट से इतना बढ़ गया कि उन्होंने दूसरे खिलौनों में दिलचस्पी लेना छोड़ दिया. वह दीवार के सहारे गेंद मारकर घंटों बल्लेबाजी का अभ्यास करते थे. बाद में उनके पिता ने उन्हें क्रिकेट की ट्रेनिंग दिलाने का फैसला किया.
10 साल की उम्र में उत्तराखंड पहुंचे लक्ष्य
लक्ष्य को बेहतर क्रिकेट प्रशिक्षण दिलाने के लिए उनके पिता ने काफी प्रयास किए. बाद में उन्हें उत्तराखंड के हल्द्वानी में कोच अभिषेक कुमार की GNG क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया गया. यहीं से उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिली. उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया.
लक्ष्य ने 2023-24 में बीसीसीआई की अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अपने बल्ले से खूब रन बनाए. उन्होंने पांच मैचों की सात पारियों में चार शतक और दो अर्धशतक की मदद से 833 रन बनाए थे. इस दौरान उनका औसत 138.33 का रहा था. वह उस सीजन टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे. उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 2025 के बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में जगमोहन डालमिया पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
रणजी ट्रॉफी में भी दिखा चुके हैं दम
लक्ष्य ने जूनियर क्रिकेट के साथ सीनियर स्तर पर भी अपनी प्रतिभा साबित की है. उन्होंने 2025-26 के घरेलू सीजन में उत्तराखंड के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया. अपने पहले ही सीजन में उन्होंने पांच पारियों में 223 रन बनाए. इस दौरान बंगाल के खिलाफ 86 और कर्नाटक के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में 55 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं.
लक्ष्य की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत उनकी तकनीक और धैर्य है. वह लंबी पारियां खेलने में माहिर हैं और लाल गेंद के क्रिकेट को काफी पसंद करते हैं. उनके आदर्श इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट हैं. लक्ष्य को स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ स्वीप और रिवर्स स्वीप जैसे शॉट खेलना भी पसंद है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी जड़ चुके हैं शतक
लक्ष्य ने भारत की अंडर-19 टीम के लिए भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की थी. सीरीज के तीसरे मुकाबले में उन्होंने 106 गेंदों पर नाबाद 110 रन की शानदार पारी खेली थी. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने मुकाबला छह विकेट से जीता और सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था.
इससे पहले जुलाई 2026 में श्रीलंका दौरे पर भी लक्ष्य ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था. गॉल में खेले गए पहले यूथ टेस्ट में उन्होंने 324 गेंदों पर 207 रन बनाए थे. वहीं दूसरे यूथ टेस्ट में भी उनके बल्ले से 100 रनों की शतकीय पारी निकली थी.