गरज के साथ विराट का शतक...तोड़ दिया सचिन और रिकी पोंटिंग का WORLD RECORD
Sports Segment: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची वनडे में विराट कोहली ने शतक जड़कर तहलका मचा दिया. उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए करियर का 52वां वनडे शतक बनाया. कोहली ने 102 गेंदों में यह सेंचुरी पूरी की. इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कोहली की यह इंटरनेशनल क्रिकेट में 83वीं सेंचुरी है. इस शतक के साथ ही कोहली ने सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
कोहली ने कितनी गेंदों में पूरा किया शतक?
किंग कोहली पारी के 38वें ओवर की 5वीं गेंद पर चौका लगाकर सेंचुरी तक पहुंचे. शुरुआत में ताबड़तोड़ शॉट्स लगाने के बाद विराट कोहली शतक के करीब पहुंचे तो उन्होंने कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई और तीन अंकों का आंकड़ा छुआ. रांची में उनका यह 5 पारियों में तीसरा वनडे शतक है. वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका यह वनडे में छठा 100 है, जिससे वह इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने डेविड वॉर्नर और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा.
कोहली ने एक स्पेशल शतक भी पूरा किया. उन्होंने घर पर खेलते हुए 50+ स्कोर का सैकड़ा जमाया. ये अनोखा शतक पूरा करने वाले वह इतिहास के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. घर में खेलते हुए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने सभी फॉर्मेट में कुल मिलाकर 112 बार ऐसा किया. दूसरे नंबर पर रिकी पोंटिंग हैं. ऑस्ट्रेलिया के इस महान कप्तान ने 106 बार ये कमाल किया. तीसरा नाम साउथ अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक्स कैलिस (104) का है.
कितनी गेंदों में ठोका अर्धशतक?
विराट कोहली ने अपनी फिफ्टी स्टाइलिश अंदाज में छक्के के साथ पूरी की. उन्होंने अपनी पारी की 48वीं गेंद पर कॉर्बिन बॉश को छक्का जड़ा और अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद वह रुके नहीं और एक और छक्का ठोक दिया. कोहली के बल्ले से निकला यह लगातार दूसरा शतक था. इससे पहले उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले वनडे मैच में नाबाद फिफ्टी ठोककर भारत को मुकाबला जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.
रोहित के साथ की 136 रन की साझेदारी
विराट कोहली तब क्रीज पर आए, जब यशस्वी जल्दी पवेलियन लौट चुके थे. रोहित के साथ मिलकर उन्होंने न सिर्फ भारतीय पारी को आगे बढ़ाया, बल्कि शानदार लय में दिखे. उन्होंने शुरुआत से ही चौकों की झड़ी लगा दी. सिर्फ चौके ही नहीं, कुछ गेंदें खेलने के बाद उन्होंने छक्के भी उड़ाना शुरू कर दिया. कोहली ने रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 136 रन की बड़ी साझेदारी कर भारत के लिए विशाल स्कोर की नींव रखी.