Newshaat_Logo

बंगाल में वोटिंग का ‘सुपर रिकॉर्ड’! दोपहर तक 78% पार, लेकिन हिंसा-हंगामे ने बढ़ाई टेंशन

 
बंगाल में वोटिंग का ‘सुपर रिकॉर्ड’! दोपहर तक 78% पार, लेकिन हिंसा-हंगामे ने बढ़ाई टेंशन
Kolkata News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को रिकॉर्डतोड़ मतदान देखने को मिला। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक ही 78.68% वोटिंग दर्ज कर ली गई—जो राज्य के चुनावी इतिहास में एक नया कीर्तिमान माना जा रहा है।

सुबह से ही वोटिंग में जबरदस्त उत्साह
सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान हुआ, जो 11 बजे तक तेजी से बढ़कर करीब 40% पहुंच गया। दोपहर 1 बजे तक यह आंकड़ा 61.11% हो गया और 3 बजे तक रिकॉर्ड 78.68% को पार कर गया। इस चरण में कुल 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जिसमें सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर भी शामिल है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी मैदान में हैं।

रिकॉर्ड वोटिंग के बीच हिंसा की छाया
जहां एक ओर भारी मतदान ने लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत किया, वहीं कई इलाकों से हिंसा और हंगामे की खबरों ने चिंता बढ़ा दी। कई विधानसभा क्षेत्रों में EVM से छेड़छाड़, झड़प और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं।

EVM पर आरोप, कई जगह तनाव
डायमंड हार्बर के फाल्टा इलाके में EVM के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा, जहां कथित तौर पर एक पार्टी के बटन को टेप से ब्लॉक करने की बात सामने आई।
श्यामपुकुर के बूथ नंबर 100 और 101 पर विरोध प्रदर्शन से माहौल गरमा गया, जबकि पानीहाटी में एक उम्मीदवार ने प्रतिद्वंद्वी दल के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया। बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी और स्थानीय काउंसलर के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कई हिरासत में
स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षा बलों ने कई जगह हस्तक्षेप किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन का दावा है कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी जारी है।

रिकॉर्ड मतदान ने जहां बदलाव की मजबूत आहट दी है, वहीं छिटपुट हिंसा ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण भी बना दिया है। अब नजरें नतीजों पर हैं, जो राज्य की सियासत की दिशा तय करेंगे।