Movie prime

चुनाव ऐलान के साथ सख्त हुआ आयोग! बंगाल के मुख्य सचिव, गृह सचिव और DGP हटाए गए, प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल

विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के बाद निर्वाचन आयोग की कार्रवाई, कई शीर्ष अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं
 
चुनाव ऐलान के साथ सख्त हुआ आयोग! बंगाल के मुख्य सचिव, गृह सचिव और DGP हटाए गए, प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल
Newshaat Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा होते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया ने सख्त कदम उठाते हुए राज्य की मुख्य सचिव और गृह सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया है।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीना को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया गया।

नए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

आयोग के आदेश के बाद दुष्यंत नारियला को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि संघमित्रा घोष को गृह सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी के साथ पुलिस प्रशासन में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। सिद्ध नाथ गुप्ता को कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया है, जबकि अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

अन्य पदों पर भी बदलाव

इसके अलावा अजय मुकुंद रनाडे को एडीजी (कानून-व्यवस्था) और नटराजन रमेश बाबू को डीजी (सुधारात्मक सेवा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए सात AERO अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया है। चुनाव से पहले हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।