Movie prime

Bihar Election 2025: जेडीयू ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, नीतीश सबसे आगे- लवली आनंद, कविता सिंह और कहकशां परवीन को भी मिली अहम जिम्मेदारी

 
Bihar Election 2025: जेडीयू ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, नीतीश सबसे आगे- लवली आनंद, कविता सिंह और कहकशां परवीन को भी मिली अहम जिम्मेदारी

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और अब राजनीतिक दलों ने प्रचार की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में जनता दल (यूनाइटेड) ने शुक्रवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने यह सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम इस सूची में सबसे ऊपर है, जबकि उनके साथ कई पुराने और भरोसेमंद नेता शामिल हैं।

जेडीयू ने बढ़ाया चुनावी रफ्तार

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र में कहा गया है कि ये सभी प्रचारक बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जेडीयू के पक्ष में माहौल बनाएंगे और गठबंधन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, यह सूची पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है, जिसके ज़रिए हर क्षेत्र में “नीतीश मॉडल ऑफ डेवलपमेंट” को केंद्र में रखा जाएगा।

कौन-कौन शामिल हैं स्टार प्रचारकों में

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा सूची में
ललन सिंह, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, संजय झा, निखिल मंडल, कौशलेंद्र कुमार, नीरज कुमार, रामनाथ ठाकुर, विजेंद्र प्रसाद यादव, उमेश सिंह कुशवाहा, मनीष कुमार वर्मा, सरयू राय और देवेशचंद्र ठाकुर जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा जेडीयू ने अपने युवा और अनुभवी नेताओं का भी संतुलित मिश्रण रखा है ताकि हर वर्ग तक पार्टी का संदेश पहुंचे।

महिला नेताओं को भी मिली प्रमुख जगह

जेडीयू ने इस बार महिला प्रतिनिधित्व पर भी विशेष जोर दिया है। सूची में लवली आनंद, कविता सिंह, कहकशां परवीन, मीना यादव, भारती मेहता और डॉ. श्वेता विश्वास जैसे नाम शामिल हैं। पार्टी चाहती है कि महिला मतदाताओं को सीधे संबोधित करने के लिए महिला चेहरों की सक्रिय भागीदारी हो।

सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, यह सूची न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि सामाजिक समीकरणों को साधने के लिहाज से भी बेहद सोच-समझकर तैयार की गई है। हर जातीय और क्षेत्रीय समूह से प्रभावशाली नेताओं को जगह देकर जेडीयू ने यह संकेत दिया है कि वह “सबका साथ, सबका विकास” के एजेंडे पर मजबूती से डटी है।

औपचारिक रूप से शुरू हुआ जेडीयू का चुनावी अभियान

इस सूची के साथ ही जेडीयू ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को औपचारिक रूप से गति दे दी है। अब ये सभी स्टार प्रचारक अलग-अलग चरणों में प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रैलियां करेंगे, नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेंगे और गठबंधन के संदेश को जनता तक पहुंचाएंगे।