Movie prime

Bihar Election 2025: RJD नेता सुनील सिंह का विवादित बयान-“मतगणना में गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर दिखेगा नेपाल जैसा नजारा”

मतगणना से पहले ही RJD नेता ने प्रशासन पर उठाए सवाल, कहा- “जनता ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट दिया”, जदयू ने पलटवार कर कहा- “हार मान चुकी है RJD”
 
Bihar Election 2025: RJD नेता सुनील सिंह का विवादित बयान-“मतगणना में गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर दिखेगा नेपाल जैसा नजारा”

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आने से पहले सियासी पारा तेजी से चढ़ गया है। एक तरफ़ जहां एग्जिट पोल एनडीए की वापसी के संकेत दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ़ राजद नेता सुनील सिंह के बयान ने सियासी तूफ़ान खड़ा कर दिया है। लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर मतगणना में धांधली हुई तो बिहार की सड़कों पर “नेपाल जैसा नजारा” देखने को मिलेगा।

राजद नेता ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है। “बिहार ने नीतीश कुमार और बीजेपी की सरकार को नकार दिया है। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे- यह जनता का जनादेश है,” उन्होंने कहा।

सुनील सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि 2020 के चुनाव में भी कई सीटों पर गिनती रोककर परिणामों को प्रभावित किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस बार ऐसा दोबारा हुआ, तो आरजेडी कार्यकर्ता और आम जनता “सड़क पर उतरकर जवाब देगी।”

इससे पहले सुनील सिंह ने एग्जिट पोल को भी सिरे से खारिज करते हुए मीडिया पर हमला बोला था। अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा- “EXIT POLL देखकर लगता है कि चौथे स्तंभ की हालत वेश्यावृत्ति करने वाले से भी बदतर हो चुकी है।” इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना झेलनी पड़ी थी।

जदयू का पलटवार

सुनील सिंह के ताज़ा बयान पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- “यह बयान बताता है कि राजद को अपनी हार का अंदेशा हो गया है। जब हार निश्चित दिखने लगती है, तब इस तरह के बयान दिए जाते हैं ताकि माहौल बिगाड़ा जा सके।” उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार कानून व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी और मतगणना पूरी तरह पारदर्शी तरीके से होगी।

अब सबकी नज़र 14 नवंबर की मतगणना पर है, जब यह तय होगा कि बिहार की सियासत में किसका दावा सच साबित होता है- एनडीए की वापसी या आरजेडी की क्रांति।