Bihar Election 2025: “बदलाव की रोशनी जली है, अब बिहार चमकेगा”- पहले चरण के मतदान पर बोले तेजस्वी यादव
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार ने आज “20 साल के अंधकार को मिटाकर परिवर्तन की नई रोशनी जलाई है।” उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता ने महागठबंधन के पक्ष में अभूतपूर्व समर्थन दिया है और बिहार “नए युग में प्रवेश करने जा रहा है।”
“बदलाव की लहर हर घर और हर हृदय तक पहुंची है”
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार केवल वोट नहीं डाला, बल्कि परिवर्तन की पुकार को बुलंद किया है। उन्होंने कहा- “हर घर से, हर हृदय से एक ही आवाज उठ रही है- नई युवा सरकार लाएंगे, हर घर से सरकार चलाएंगे और हर बिहारवासी को चिंता मुक्त, चेंज मेकर बनाएंगे।” तेजस्वी ने कहा कि बिहार की महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी ने लोकतंत्र के इस महापर्व को जनआंदोलन का रूप दे दिया है।
“20 साल की पीड़ा का अंत होने जा रहा है”
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार बेरोजगारी, गरीबी, अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार की बेड़ियों में जकड़ा रहा है। उन्होंने कहा “अब इन 20 वर्षों की पीड़ा का अंत होने जा रहा है। बिहार अब बदलाव की राह पर बढ़ चुका है। यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि महापरिवर्तन की शुरुआत है।” तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि पहले चरण की सभी 121 सीटों पर महागठबंधन के पक्ष में एकतरफा मतदान हुआ है और जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि “बदलाव तय है।”
“अब रुकना नहीं, मंजिल तक पहुंचना है”
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह समय ठहरने या रुकने का नहीं है, बल्कि विनम्रता के साथ मंजिल तक मजबूत कदम बढ़ाने का समय है। उन्होंने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि “लोकतंत्र और संविधान पर आए खतरे को मिटाते हुए, हमें जनता जनार्दन के हर सपने को साकार करना है।”
दूसरे चरण के मतदान के लिए अपील
तेजस्वी यादव ने अपने संदेश के अंत में जनता से अपील की कि वे 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में भी उसी जोश और एकजुटता के साथ हिस्सा लें।
उन्होंने कहा“आपका बेटा, भाई और साथी तेजस्वी वादा करता है कि अगले पाँच सालों में बिहार को इतना खुशहाल बनाऊँगा कि 14 नवंबर की तारीख को लोग त्योहार की तरह मनाएँगे- उस दिन के रूप में, जब बिहार ने विकास की दिशा पकड़ी थी।”
“जनता की ताकत से बनेगा नया बिहार”
तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता ही उनकी शक्ति है और बिहार के “परिवर्तन युग का असली प्रकाश पुंज” भी। उन्होंने अंत में कहा- “बिहार का भविष्य अब उजाले की ओर बढ़ चुका है।जय हिन्द, जय बिहार!”







