नीतीश कुमार के गढ़ में उनके ही करीबी नेता RCP सिंह और प्रशांत किशोर का शक्ति प्रदर्शन, आज नालंदा में होगा भव्य रोड शो
Bihar chunav 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक गढ़ में आज एक बड़ा सियासी मुकाबला देखने को मिलेगा। जन सुराज के संस्थापक और सूत्रधार प्रशांत किशोर आज नालंदा में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। उनके साथ कभी नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के भी शामिल होने की संभावना है।
इस रोड शो की जानकारी बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी एवं पूर्व मेयर दिनेश कुमार ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि यह रोड शो सुबह 9 बजे राजगीर विधानसभा क्षेत्र के कलाली मोड़ से शुरू होकर विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए शाम तक पटना के लिए रवाना होगा।
दिनेश कुमार ने मोकामा में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार को इस घटना की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता बदलाव चाहती है।
जानकारी के अनुसार, यह रोड शो लगभग 80 किलोमीटर लंबा होगा। यह राजगीर से शुरू होकर सिलाव बायपास, नेपुरा मोड़, नालंदा मोड़, नीरपुर, बेन बाजार, परबलपुर, नूरसराय होते हुए बिहारशरीफ पहुंचेगा। शहर के देवीसराय मोड़, घंटाघर, हॉस्पिटल मोड़, एतवारी बाजार और सोहसराय में प्रशांत किशोर का भव्य स्वागत किया जाएगा।
वापसी में रोड शो पावापुरी, गिरियक और कतरीसराय मार्ग से गुजरेगा।
इस बार नालंदा जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों से जन सुराज ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं- बिहारशरीफ से दिनेश कुमार, अस्थावां से लता सिंह, राजगीर से सत्येंद्र पासवान, इस्लामपुर से तनुजा कुमारी, हिलसा से उमेश वर्मा, नालंदा से पूनम सिंहा और हरनौत से कमलेश पासवान।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह गढ़ 1995 से लगातार जेडीयू के कब्जे में रहा है। माना जाता है कि नीतीश कुमार जिस भी प्रत्याशी को नालंदा से मैदान में उतारते हैं, वह जीत दर्ज करता है। ऐसे में प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह का यह संयुक्त रोड शो नीतीश के गढ़ में नई सियासी हलचल पैदा कर सकता है।
हालांकि, बीते कुछ दिनों से मोंथा तूफान और लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने चुनाव प्रचार पर असर डाला है। अब देखना यह होगा कि बदलते मौसम और बढ़ते सियासी तापमान के बीच प्रशांत किशोर का यह रोड शो जनता को कितना आकर्षित कर पाता है।
रिपोर्टर: मो. महमूद आलम, नालंदा







