स्मृति ईरानी का बिहार में बड़ा बयान- “राज्य की स्वाभिमानी महिलाएं NDA के साथ, अब RJD की जुमलेबाजी नहीं चलेगी”
Bihar political news: बिहार की राजनीति में महिलाओं की भूमिका को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में राजनीतिक माहौल उस वक्त गर्म हो गया जब भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बिहार की स्वाभिमानी महिलाएं आज NDA के साथ खड़ी हैं” और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी डबल इंजन सरकार को जाता है।
ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जन धन योजना से लेकर उज्ज्वला योजना तक, हर स्तर पर बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का लक्ष्य स्पष्ट है – सरकार की तिजोरी से निकला हर रुपया सीधे लाभार्थी तक पहुँचे। आज बिहार की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हैं, क्योंकि डबल इंजन की सरकार ने उन पर भरोसा जताया है।”
महिलाओं को मिली आर्थिक और सामाजिक मजबूती
स्मृति ईरानी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में 11 लाख से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) सशक्त हुए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000 तक की राशि सीधे भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 33% आरक्षण देकर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नया आयाम दिया है, साथ ही सुरक्षा और सम्मान की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं।
ईरानी ने कहा, “महिलाओं के लिए शौचालय, रसोई में धुएं से मुक्ति और छोटे व्यवसायों के लिए ऋण-यह सब NDA सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा है। आज बिहार की महिलाएं सिर्फ घर संभालने वाली नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली बन चुकी हैं।”
RJD पर सीधा प्रहार – ‘महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है विपक्ष’
स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में RJD पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर महिलाओं को मिलने वाले आर्थिक लाभ को बंद करने की मांग की है। इसपर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह बेहद दुखद है कि जिन महिलाओं के सशक्तिकरण की बात होनी चाहिए, RJD उन्हें रोकने की साजिश रच रही है। यह बिहार की बेटियों का अपमान है।”
तेजस्वी यादव पर हमला – ‘महिलाओं को कम न आंकें’
ईरानी ने तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा और कहा कि “जिन महिलाओं को तेजस्वी आर्थिक मदद का वादा कर रहे हैं, वे अब समझदार हैं। वे जुमलों में नहीं फंसेंगी।”
उन्होंने कहा कि NDA सरकार के प्रयासों ने बिहार की महिलाओं को नई पहचान दी है, और अब वे किसी भ्रम में नहीं आने वालीं।
‘डबल इंजन सरकार से ही बिहार का विकास संभव’
भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि बिहार की महिलाएं आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर NDA के साथ खड़ी होंगी। उन्होंने कहा, “NDA सरकार ने बिहार को अपराध और भय के साए से बाहर निकाला है। अब समय है कि राज्य स्वाभिमान और विकास की राह पर आगे बढ़े।” ईरानी ने प्रेस वार्ता के अंत में बिहार की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में महिलाएं NDA की जीत की निर्णायक शक्ति बनेंगी।







