तेजस्वी यादव का सियासी हमला: “बिहार में सरकार बदल रही है, एग्जिट पोल केंद्र के दबाव में जारी किए गए”
Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सियासी बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है। एग्ज़िट पोल में एनडीए को बढ़त मिलने के बाद राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने इन रुझानों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि “बिहार में इस बार सरकार बदल रही है, इसमें कोई इफ-बट नहीं है।”
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि दूसरे चरण के मतदान के बाद महागठबंधन की स्थिति बेहद मजबूत है और जनता ने पूरी तरह बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि “18 नवंबर को हमारी सरकार बनने जा रही है, एनडीए के नेताओं के चेहरे पर घबराहट साफ़ दिखाई दे रही है।”
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एग्ज़िट पोल केंद्र सरकार के दबाव में तैयार किए गए हैं और इनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे सर्वे में कोई ठोस सैंपल साइज़ या प्रमाणिकता नहीं है। “ये वही सर्वे हैं जो 2020 में भी जनता की राय को गलत साबित कर चुके थे,” तेजस्वी ने कहा।
मीडिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में रिकॉर्ड मतदान हुआ है— 72 लाख नए मतदाता वोटिंग प्रक्रिया से जुड़े हैं और यह आंकड़ा खुद बदलाव की गवाही दे रहा है। तेजस्वी ने चेतावनी दी कि मतगणना के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी या धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर मतगणना केंद्र पर सतर्क रहें और किसी भी अनियमितता की तुरंत सूचना दें। “जनता ने अपना काम कर दिया है, अब बारी प्रशासन की है कि वो ईमानदारी से नतीजे घोषित करे,” तेजस्वी ने कहा।







