Movie prime

बरबीघा से विकास का बिगुल: जनता के बीच उतरे अशोक चौधरी, कहा- “अब बिहार में वोट जाति पर नहीं, विकास पर पड़ेगा”

तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान के तहत मंत्री अशोक चौधरी ने बरबीघा विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर जनता से सीधा संवाद किया और जदयू प्रत्याशी डॉ. कुमार पुष्पंजय के पक्ष में समर्थन की अपील की।
 
बरबीघा से विकास का बिगुल: जनता के बीच उतरे अशोक चौधरी, कहा- “अब बिहार में वोट जाति पर नहीं, विकास पर पड़ेगा”

Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, नेताओं की जनसंपर्क रफ्तार भी तेज़ होती जा रही है। इसी कड़ी में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने 29 अक्टूबर 2025 से शेखपुरा ज़िले के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संवाद किया और राजग समर्थित जदयू प्रत्याशी डॉ. कुमार पुष्पंजय के पक्ष में समर्थन मांगा।

पहले दिन गांव-गांव घूमकर जुटाया जनसमर्थन

अभियान के पहले दिन मंत्री चौधरी ने तेउस, जयरामपुर, कन्हौली, फत्तेपुर और जगदीशपुर (वार्ड संख्या 3) समेत कई पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों, अभिभावकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। चौधरी को जनता से व्यापक स्नेह और समर्थन मिला। लोगों ने उनके काम और नीतीश सरकार की नीतियों की सराहना की।

दूसरे दिन भी बरकरार रहा जोश

30 अक्टूबर को मंत्री चौधरी ने अपने अभियान को जारी रखते हुए फिरंगी बिगहा, बिहटा, कुसुम्भा, अमानतपुर, ढेउसडीह, देवले, नीमी, पांची, शेखोपुर और अम्बारी जैसे कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार चुनाव जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास के नाम पर लड़ना चाहिए।

“विकास ही सबसे बड़ा धर्म है”- अशोक चौधरी

जनसभाओं के दौरान अशोक चौधरी ने कहा, पिछले दो दशकों में बिहार में जो परिवर्तन आया है, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। एक समय बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज यह देश के सबसे तेज़ी से विकसित राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जब कोई अपना बीमार होता है, तो इंसान उसकी मदद करने में धर्म या जाति नहीं देखता, उसी तरह अब बिहार को भी विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।

“नीतीश कुमार ही आत्मनिर्भर बिहार की गारंटी”

ग्रामीण कार्य मंत्री ने कहा कि बिहार की आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्थायी विकास का रास्ता केवल नीतीश कुमार के नेतृत्व से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि जनता जिस प्यार और विश्वास के साथ उन्हें समर्थन दे रही है, वह इस बात का संकेत है कि बरबीघा ही नहीं, पूरा बिहार एनडीए के पक्ष में एकजुट है।

अंत में उन्होंने कहा, “जनता का यह उत्साह बताता है कि बिहार में विकास, सुशासन और स्थिरता की यात्रा अब रुकने वाली नहीं है।”