बिहार में गेहूँ खरीद की शुरुआत: MSP ₹2585 तय, 48 घंटे में भुगतान का भरोसा
सरकार ने इस साल किसानों को बड़ा राहत देते हुए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले साल की तुलना में ₹160 ज्यादा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पहल किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने और बिचौलियों की भूमिका खत्म करने की दिशा में अहम कदम है।
राज्यभर में गेहूँ खरीद का यह अभियान 15 जून 2026 तक चलेगा। पैक्स, व्यापार मंडलों और भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से खरीद की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि किसानों को गेहूँ बेचने के बाद 48 घंटे के भीतर PFMS सिस्टम के जरिए सीधे उनके बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा।
सरकार ने पंचायत स्तर पर पैक्स और प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडलों को खरीद का जिम्मा दिया है, ताकि किसान अपने नजदीकी केंद्र पर आसानी से उपज बेच सकें।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें समय पर भुगतान मिले और बाजार में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, पिछली खरीफ फसल की बात करें तो धान अधिप्राप्ति में भी बिहार ने रिकॉर्ड के करीब प्रदर्शन किया है। निर्धारित लक्ष्य 36.85 लाख मीट्रिक टन के मुकाबले 36.79 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई, जो लगभग 99.84 प्रतिशत है। इसमें रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जैसे जिले शीर्ष पर रहे।
सहकारिता विभाग के अनुसार, इस बार भी छोटे और मंझोले किसानों की भागीदारी बढ़ाने पर खास जोर रहेगा। फिलहाल पहले दिन ही कई जिलों में कुल 303.6 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद दर्ज की गई है, जिससे इस अभियान की मजबूत शुरुआत मानी जा रही है।







