राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बिहार के अधिकारी और पांच जिले होंगे सम्मानित, चुनाव आयोग ने की घोषणा
Bihar news: राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के मौके पर बिहार के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी व्यवस्था और मतदाता जागरूकता में बेहतर काम करने वाले बिहार के कई अधिकारियों और पांच जिलों को सम्मानित करने का फैसला लिया है। इस सम्मान से बिहार के निर्वाचन प्रबंधन की सराहना पूरे देश में होगी।
इन अधिकारियों को मिलेगा विशेष सम्मान
चुनाव आयोग ने विशेष पुरस्कार श्रेणी में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, तत्कालीन अपर पुलिस महानिदेशक सह राज्य पुलिस नोडल अधिकारी कुंदन कृष्णन और आर्थिक अपराध इकाई के डीआईजी मानवजीत ढिल्लों का चयन किया है। इन अधिकारियों को चुनाव के दौरान बेहतर नेतृत्व, मजबूत समन्वय और प्रभावी काम के लिए सम्मान दिया जाएगा।
श्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार के लिए पांच जिले चुने गए
बिहार के पांच जिलों को “श्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार” के लिए चुना गया है। इनमें पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, पटना, समस्तीपुर और मधुबनी जिले शामिल हैं। इन जिलों ने चुनाव प्रक्रिया को सही ढंग से चलाने, नए प्रयोग करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने में अच्छा काम किया है। संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को यह सम्मान दिया जाएगा।
सोशल मीडिया टीम को भी मिलेगा पुरस्कार
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की सोशल मीडिया टीम को “बेस्ट सोशल मीडिया टीम” का पुरस्कार मिलेगा। तत्कालीन सोशल मीडिया नोडल अधिकारी कपिल शर्मा को इसके लिए नामित किया गया है। टीम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और विधानसभा चुनाव के दौरान सही और समय पर जानकारी लोगों तक पहुंचाई। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैल रही गलत खबरों का भी तुरंत खंडन किया गया।
बिहार का चुनावी मॉडल बना मिसाल
चुनाव आयोग ने माना है कि बिहार ने मतदाता जागरूकता, पारदर्शिता और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल में अच्छा उदाहरण पेश किया है। विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान योजनाबद्ध तरीके से काम कर मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाई गई और पूरी प्रक्रिया को भरोसेमंद बनाया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिलना बिहार के लिए गर्व की बात है। इससे साफ होता है कि चुनावी व्यवस्था को मजबूत करने में बिहार ने महत्वपूर्ण काम किया है और देशभर में उसकी सराहना हो रही है।







