बिहार में 10 आईपीएस का तबादला, कोमल मीणा पटना की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक
Bihar news: बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 10 और बिहार पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों का तबादला किया है. गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. कोमल मीणा को पटना ग्रामीण का एसपी बनाया गया है. वहीं पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे सीवान के पूर्व एसपी पूरन कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का एसपी बनाया गया है.
अधिसूचना के अनुसार पटना में एएसपी रहीं सुषमा नागर को पटना में विधि-व्यवस्था का एसडीपीओ बनाया गया है. समस्तीपुर में एएसपी रहे अनिकेत कुमार द्विवेदी को एसडीपीओ-1 जहानाबाद की जिम्मेदारी दी गई है. गया की एएसपी दीप्ति मोनाली को जमुई का एसडीपीओ बनाया गया है. इसी तरह एएसपी पूर्वी चंपारण हेमंत सिंह को एसडीपीओ नगर भागलपुर और एएसपी पश्चिम चंपारण कार्तिकेय एके को एसडीपीओ मुजफ्फरपुर बनाया गया है.
इधर, एएसपी दरभंगा केतन अशोक इंगोले को एसडीपीओ रजौली, नवादा की जिम्मेदारी मिली है. एएसपी मुजफ्फरपुर रहे प्रसन्ना कुमार एमबी को एसडीपीओ नरकटियागंज बनाया गया है. एएसपी भागलपुर रहे सईम रजा को एसडीपीओ भागलपुर की जिम्मेदारी दी गई है. तबादले के बाद कई अधिकारियों को नई जगह पर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालनी होगी. सरकार के इस फेरबदल से कई जिलों में पुलिसिंग की कमान बदली है. बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी और पटना ग्रामीण एसपी रहे कुंदन कुमार को एसपी प्रशासन, पटना बनाया गया है. वहीं एसपी प्रशासन, पटना रहे सोनू कुमार राय को एसपी ग्रामीण वैशाली की जिम्मेदारी दी गई है.







