पथ निर्माण विभाग के सर्वे में चौकाने वाला खुलासा, बिहार के 12 पुल खतरनाक

बिहार में एक महीने के भीतर एक के बाद एक दर्जनों पुल ध्वस्त हो गए। लगातार पुलों के गिरने की घटना को लेकर सरकार की खूब किरकिरी हुई। जिसके बाद पथ निर्माण विभाग ने सभी पुलों का सर्वे कराने की बात कही थी। अबतक की हुई सर्वे रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पथ निर्माण विभाग की जांच रिपोर्ट में राज्य के 12 पुलों बेहद खतरनाक पाए गए हैं, जिन्हें तत्काल मरम्मद की जरुरत है।
दरअसल, राज्य में पिछले दिनों लगातार पुलों के गिरने की घटना को लेकर बिहार सरकार काफी गंभीर है। राज्य के पुलों का हेल्थकार्ड बनाया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग की तरफ से कराए जा रहे सर्वे में अब तक राज्य के 12 पुल खतरनाक पाए गए हैं।
इन 12 पुलों की हालत बहुत ही जर्जर है और तत्काल मरम्मती नहीं हुई तो कोई भी अनहोनी हो सकती है और जान-माल का नुकसान होने की संभावना है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद और भी खतरनाक पुलों की पहचान होने की संभावना है। पथ निर्माण विभाग ने जर्जर पुलों की मरम्मति के लिए पहल शुरू कर दी है।

निगम अधिकारियों के अनुसार सर्वे में पुलों की सेहत का आकलन किया जा रहा है। इंजीनियरों की टीम यह देख रही है कि पुल कितना पुराना है। जब इसका निर्माण हुआ था तब इसमें कितना वजन सहने की शक्ति थी। वर्तमान में इन पुलों पर दबाव कितना है। अभी इनसे होकर कितनी और किस तरह की गाड़यिां आ-जा रही हैं। गुणवत्ता के हिसाब से इन पुलों की क्या स्थिति है और इसकी किस तरह की मरम्मत की जरूरत है।