बिहार के 12 युवा IAS का ‘मिशन दिल्ली’ शुरू! ट्रेनिंग के आखिरी पड़ाव के बाद अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
4 मई से ‘मिशन दिल्ली’ की शुरुआत
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के निर्देशानुसार, इन अधिकारियों का फील्ड प्रशिक्षण 24 अप्रैल 2026 को समाप्त होगा।
इसके तुरंत बाद 4 मई से नई दिल्ली में 8 सप्ताह का ‘असिस्टेंट सेक्रेटरी प्रोग्राम’ शुरू होगा, जहां ये अधिकारी केंद्र सरकार के मंत्रालयों में कामकाज का व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे।
मसूरी वापसी के बाद फेज-II ट्रेनिंग
दिल्ली में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी अधिकारी फिर से मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी लौटेंगे।
वहां ‘IAS प्रोफेशनल कोर्स (फेज-II)’ पूरा किया जाएगा, जो 21 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसके बाद उन्हें उनके कैडर में स्थायी तैनाती दी जाएगी।
‘DAKSHTA’ टेस्ट पास करना जरूरी
दिल्ली रवाना होने से पहले इन अधिकारियों को एक अहम डिजिटल परीक्षा भी पास करनी होगी।
iGOT प्लेटफॉर्म पर “DAKSHTA for Assistant Secretaries” कोर्स 6 अप्रैल 2026 तक पूरा करना अनिवार्य है, साथ ही इसका प्रमाण पत्र ‘ज्ञान पोर्टल’ पर अपलोड करना भी जरूरी होगा।
बिहार के इन 12 अधिकारियों को मिला मौका
राज्य के अलग-अलग जिलों में तैनात जिन अधिकारियों का चयन हुआ है, उनमें शामिल हैं- विग्नेश टी. ए. (पटना), प्रेम कुमार (मुजफ्फरपुर), जतिन कुमार (भागलपुर), विरूपाक्ष विक्रम सिंह (मधुबनी), प्रिया रानी (पूर्वी चंपारण), कृष्णा जोशी (नालंदा), सैयद आदिल मोहसीन (भोजपुर), अजय यादव (बेगूसराय), सूरज कुमार (गया), के. परीक्षित (दरभंगा), महेश कुमार (पूर्णिया) और शिश बक्शी (सुपौल)।
नई जिम्मेदारी, नई उड़ान
यह कार्यक्रम इन युवा अफसरों के करियर का अहम पड़ाव माना जाता है, जहां वे सीधे केंद्र सरकार के कामकाज को समझेंगे।
स्पष्ट है कि ‘मिशन दिल्ली’ के जरिए ये अधिकारी भविष्य में प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी बनने की ओर एक बड़ा कदम बढ़ा रहे हैं।







