Newshaat_Logo

छह राज्यों से बिहार के लिए दिसंबर से चलेंगी 150 बसें, त्योहारों के बाद भी बंद नहीं होगा परिचालन

दिसंबर से दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ से बिहार के लिए रोजाना 150 से अधिक बसों का परिचालन होगा।
 
बस

दिसंबर से दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ से बिहार के लिए रोजाना 150 से अधिक बसों का परिचालन होगा। परिवहन विभाग के अनुसार, इन बसों का परिचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड पर होगा। 

त्योहारों की भीड़ खत्म होने के बाद भी इन सेवाओं को बंद नहीं किया जाएगा। ये बसें पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सासाराम और पूर्णिया सहित लगभग सभी जिलों को जोड़ेंगी। परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले लोगों को बिहार आने-जाने के लिए पीपीपी मोड पर सुविधाजनक और अंतरराज्यीय बस सेवा मिलेगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

दिल्ली से कश्मीरी गेट, आनंद विहार और सराय काले खां से बसें खुलेंगी। ये गाजियाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर और कुशीनगर होकर या अयोध्या के रास्ते बिहार में प्रवेश करेंगी। इसके बाद गोपालगंज, छपरा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, हाजीपुर और पटना के लिए रवाना होंगी। उत्तरप्रदेश से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा से सीधे बक्सर, आरा, मोहनिया, सासाराम और पटना के लिए बसें चलेंगी। हरियाणा सेः गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत और अंबाला से बसें दिल्ली-यूपी के रास्ते मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, पूर्णिया और भागलपुर तक जाएंगी।