Newshaat_Logo

पटना में डोमिनोज के 2 आउटलेट में मिले 160 खराब पिज्जा, मैकडॉनल्ड्स में भी मिलीं खामियां

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण, करीब 32 हजार रुपये के पिज्जा नष्ट कराए; खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर प्रतिष्ठानों को 14 दिनों का नोटिस
 
Patna

पटना में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार, 17 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने शहर के डोमिनोज और मैकडॉनल्ड्स के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट में करीब 160 खराब पिज्जा मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इनकी कीमत लगभग 32 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, दोनों ब्रांड के प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों के भंडारण और जरूरी रिकॉर्ड रखने में कई कमियां सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी।

डोमिनोज के दो आउटलेट में मिले खराब पिज्जा

खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पटना के कदमकुआं और कंकड़बाग स्थित डोमिनोज के आउटलेट का निरीक्षण किया। इस दौरान लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित आउटलेट में करीब 110 खराब पिज्जा पाए गए। वहीं, कदमकुआं के एम्बिशन ओझा प्लाजा स्थित आउटलेट में लगभग 50 पिज्जा खराब मिले।

दोनों आउटलेट से बरामद करीब 160 पिज्जा की कीमत लगभग 32 हजार रुपये आंकी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी खराब पिज्जा को नष्ट करा दिया।

साफ-सफाई और तापमान निगरानी में मिली लापरवाही

निरीक्षण के दौरान डोमिनोज के दोनों प्रतिष्ठानों में ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में कमियां पाई गईं। इसके अलावा, डीप फ्रीजर के तापमान की नियमित निगरानी से संबंधित लॉग बुक भी उपलब्ध नहीं थी।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और रखरखाव के लिए जरूरी निर्देश दिए। साथ ही, वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने तथा कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से संभालने को कहा गया।

पानी जमा मिला, सॉस की बोतलों की सफाई भी खराब

जांच के दौरान कुछ स्थानों पर पानी जमा मिला। वहीं, ग्राहकों के इस्तेमाल के लिए रखी गई सॉस की बोतलों की साफ-सफाई में भी कमी पाई गई। इसके अलावा, कीट नियंत्रण से संबंधित रिपोर्ट में निर्धारित तिथि का उल्लेख नहीं था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।

मैकडॉनल्ड्स में खुला मिला कचरे का डिब्बा

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे।

हालांकि, निरीक्षण के दौरान कचरे का डिब्बा खुला मिला। इसके अलावा, मुख्य दरवाजे पर कीटों के प्रवेश को रोकने के लिए एंटी-इंसेक्ट डोरमैट की व्यवस्था भी नहीं थी। अधिकारियों ने इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

14 दिनों में कमियां दूर करने का निर्देश

खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में पाई गई कमियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कमियों को दूर करना होगा और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा