Newshaat_Logo

तनाव, अवसाद, चिंता और नशे जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए 24×7 मुफ्त काउंसलिंग, विशेषज्ञ डॉक्टरों की सीधी मदद

 
तनाव, अवसाद, चिंता और नशे जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए 24×7 मुफ्त काउंसलिंग, विशेषज्ञ डॉक्टरों की सीधी मदद
Newshaat Desk: बदलती जीवनशैली और बढ़ते मानसिक दबाव के बीच बिहार में शुरू की गई ‘टेलीमानस’ सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है। स्वास्थ्य विभाग की पहल पर शुरू इस सुविधा के तहत 14416 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर लोग घर बैठे ही मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का निःशुल्क समाधान पा रहे हैं।

फोन पर ही मिल रहा इलाज, बढ़ रहा भरोसा

मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता, नींद की कमी, नशे की लत और आत्महत्या जैसे नकारात्मक विचारों से जूझ रहे लोगों को अब अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ रही। विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशिक्षित काउंसलर्स फोन पर ही मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें सही दिशा दे रहे हैं। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की जाती है।

एक कॉल से बदल रही ज़िंदगी

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह सेवा खासकर उन लोगों के लिए बेहद मददगार साबित हो रही है, जो मानसिक समस्याओं के कारण अकेलापन, डर या असमंजस महसूस करते हैं। सोचने-समझने में दिक्कत, एकाग्रता की कमी, अचानक व्यवहार में बदलाव, गुस्सा, भय, अपराधबोध या गैर-मौजूद चीजों को महसूस करना जैसे लक्षण दिखने पर लोग तुरंत इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।

आत्महत्या जैसे विचारों पर भी तुरंत मदद

टेलीमानस सेवा उन लोगों के लिए भी जीवनदायिनी साबित हो रही है, जो आत्महत्या जैसे खतरनाक विचारों से जूझ रहे हैं। ऐसे मामलों में काउंसलर्स तुरंत हस्तक्षेप कर मानसिक सहारा देते हैं और मरीज को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाते हैं।

24 घंटे, हर दिन- मुफ्त सेवा

इस हेल्पलाइन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है और पूरी तरह निःशुल्क है। मोबाइल फोन के जरिए ही मरीजों को सलाह, काउंसलिंग और दवा संबंधी सुझाव दिए जाते हैं।