बेगूसराय में थार और बाइक की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
बिहार के बेगूसराय में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार थार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक महिला, एक बच्चे और एक पुरुष की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला करीब 20 मीटर दूर हवा में उछलकर एक घर की छत पर जा गिरी। घटना के बाद थार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
यह हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में मुंगेर पुल से पहले टोल प्लाजा के पास हुआ। मृतकों की पहचान हीराटोल गांव के रहने वाले 43 वर्षीय संतोष यादव उर्फ सत्तन, उनके 7 वर्षीय बेटे आयुष कुमार और डंडारी की रहने वाली 40 वर्षीय सुलेखा देवी के रूप में हुई है। सुलेखा देवी, संतोष यादव की सरहज थीं।
बताया जा रहा है कि थार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक थार सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों मृतकों की पहचान की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल थार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JR-3604 है, को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। वहीं, दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और जाम जैसी स्थिति बन गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। अब पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक की गिरफ्तारी पर सबकी नजर है।







