नवादा में करंट लगने से 4 बस यात्रियों की मौत, रास्ते से गिरे पेड़ को हटाते समय हुआ हादसा
Mar 5, 2025, 17:30 IST

नवादा में बुधवार को बस में सवार 4 लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यात्री बस से नालंदा के राजगीर से खिजरसराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गई। घटना नारदीगंज प्रखंड के राजीव नगर में हुई।
बताया जा रहा है कि रास्ते में एक पेड़ गिर गया था। यात्री इस पेड़ को हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी बिजली का तार टूट गया। तार की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, चौथे व्यक्ति की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सभी मृतक एक ही बस में सवार थे। अभी तक किसी भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। हादसे को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।