46% समय बर्बाद, दिशा विहीन सरकार- तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर तीखा हमला
“छह महीने में दो मुख्यमंत्री, नीतियां अब तक अस्पष्ट”
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद महज छह महीनों में राज्य ने दो मुख्यमंत्री देख लिए, जिससे शासन की स्थिरता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि आधा कार्यकाल गुजरने के बावजूद सरकार की प्राथमिकताएं, योजनाएं और नीतियां स्पष्ट नहीं हैं।
“बार-बार सरकार बदलने से बिगड़ी व्यवस्था”
आरजेडी नेता ने दावा किया कि पिछले 6 साल में 5 बार और 12 साल में 10 बार सरकार का गठन या पुनर्गठन हुआ है। उन्होंने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार नेतृत्व बदलने से प्रशासनिक स्थिरता प्रभावित हुई है।
“अधूरे मंत्रिमंडल में फैसले, लोकतंत्र पर सवाल”
तेजस्वी ने कहा कि फिलहाल सीमित लोगों के जरिए सरकार चलाई जा रही है और बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के फैसले लिए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है।
बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरशाही बेलगाम है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था कमजोर हो रही है। साथ ही युवाओं, किसानों और व्यापारियों में निराशा का माहौल होने का दावा किया।
तेजस्वी यादव के इन आरोपों के बाद अब सियासी बहस और तेज होने की संभावना है। नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार इन आरोपों का क्या जवाब देती है।







