72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा दोबारा स्थगित, आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन, अब नई तारीख का इंतजार
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। पहले 26 जुलाई की परीक्षा स्थगित की गई। और अब 25 अक्टूबर को भी परीक्षा नहीं होगी।
इस संबंध में सोमवार को बीपीएससी ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित किए जाने की बात कही गई है। समझा जाता है कि साल के अंत तक परीक्षा ली जाएगी।
1187 पदों के लिए दूसरी बार परीक्षा स्थगित की गई। इससे पहले यह परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित कराई जानी थी। लगातार दूसरी बार परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार दूसरी बार तारीख टलने से राज्यभर के लाखों अभ्यर्थियों की अध्ययन योजना पर असर पड़ा है। छात्र अब आयोग के अगले फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आयोग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे नई तारीखों और आधिकारिक अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
72वीं के लिए 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए चार लाख 71 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इसकी तुलना में इस बार लगभग 44 हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।







