Movie prime

बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत 4 जिलों में ओला गिरने का अलर्ट

 
बिहार के 4 जिलों में ओला गिरने का अलर्ट है। वहीं आज यानी बुधवार को 27 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह-सुबह लखीसराय, मधुबनी में तेज बारिश हुई है। वहीं सहरसा, बेगूसराय के ग्रामीण क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही है। इसके अलावे मुंगेर में बादल छाए हैं, तेज हवा भी चली रही है।
इधर, तीन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा बेगूसराय में 4 की मौत हुई है। वहीं मधुबनी में पिता-पुत्री समेत 3 लोगों की जान गई है। दरभंगा में एक बुजुर्ग ठनका की चपेट में आ गए, और उनकी मौत हो गई।
दरअसल, असम और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र के कारण बिहार तक नमी युक्त हवाएं आ रही है। इसी हवा से उत्तर-पूर्व के इलाकों में मौसम बदला है।
राज्य के अलग-अलग भागों में 13 अप्रैल तक मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक घटा है। लेकिन न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान और हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस का एहसास बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जैसे-जैसे न्यूनतम तापमान और हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी गर्मी अधिक महसूस होगी।
पटना में मंगलवार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, लेकिन न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री हो गया। राज्य के अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से 27 डिग्री के बीच रहा।
सबसे अधिक न्यूनतम तापमान गया में 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। औरंगाबाद के डेहरी में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया है।