त्योहारी सीजन में खाद्य संरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 855 किलो संदिग्ध घी और 5500 किलो नूडल्स जब्त किया, तीन दुकानें सील
मिलावट करने वालों पर कार्रवाई जारी है। बुधवार को कई प्रतिष्ठानों से भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त और नष्ट की गई। लाइसेंस न होने और गंभीर अनियमितताओं के चलते तीन दुकानों को बंद करवा दिया गया, जबकि एक मिठाई कारखाने में निर्माण पर दो दिनों की रोक लगा दी गई है।
855 किलो घी और 5 बोरियों में रखा 174 किलो मिल्क केक जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। भंडारण में प्रयुक्त कंटेनर मानक के अनुसार नहीं थे। दुकान को बंद करवा दिया गया।
इस इकाई में 5,550 किलो नूडल्स की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर में गंभीर गड़बड़ियां मिलीं। कच्चे माल (मैदा-आटा) से जुड़े बिल अभिलेख और परिसर की संरचना मानकों के विपरीत पाई गई। नूडल्स और मैदा के नमूने लेकर सुधार के निर्देश दिए गए।
साधु स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी (सदर बाजार, दानापुर कैंट) : 40 किलो संदिग्ध खोया और 2 किलो हानिकारक औद्योगिक हाइड्रो केमिकल को नष्ट कराया गया। लाइसेंस में फूड बिजनेस की गलत श्रेणी दर्ज थी। कारखाने में गंदगी, अंधेरा, पेस्ट कंट्रोल, जल परीक्षण और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट का अभाव मिला। खाद्य और अखाद्य वस्तुएं एक साथ रखी थीं। कमियां दूर करने तक दो दिनों के लिए निर्माण कार्य बंद करने का आदेश दिया गया।
स्वीट्स एंड स्नैक्स (अनीसाबाद-खगौल रोड): 20 किलो बासी खराब खोया नष्ट कराया गया। 6 किलो अमचूर पाउडर, 4 किलो कस्टर्ड पाउडर और 256 पैकेट चाउ नूडल्स जब्त किए गए। निर्माण स्थल पर भारी गंदगी और मक्खियां पाई गई। काजू बर्फी, रसगुल्ला और खोया समेत 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लिये गए।
भूपतिपुर में दो दुकानों पर ताला
लॉरेन्स स्वीट्स को बिना वैध लाइसेंस के संचालन पर बंद कराया गया। 600 किलोग्राम लड्डू दाना जब्त किया गया। विकास मिठाई दुकान को भी बिना लाइसेंस चलने पर सील करते हुए 525 किलो लड्डू दाना जब्त किया गया।
मां डेयरी प्रोडक्ट (फुलवारीशरीफ) : 9 लीटर एक्सपायर्ड दूध को नष्ट कराया गया और रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए लिया गया। दुकान संचालक को स्वच्छता मानकों में तत्काल सुधार का नोटिस दिया गया।







