Movie prime

नितिन गडकरी ने बिहारवासियों से किया बड़ा वादा, 2024 से पहले देंगे सौगात

 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में 15 राष्ट्रीय उच्च मार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मंगलवार को किया। जिसकी कुल लागत 13,585 करोड़ रुपए है। बता दें कि नितिन गडकरी ने बिहार की जनता को 2024 से पहले बिहार की सड़कें अमेरिका जैसी बनाने का सपना दिखाया है। इसके साथ नितिन गडकरी ने ये भी कहा है कि बिहार में एथेनॉल से चलने वाली गाडि़या लाएंगे। बिहार में ही उत्पादित एथेनॉल से ये गाड़िया यहां की सड़को पर दौड़ेंगी। इसके लिए पंप खोले जाएंगे ताकि बिहार के युवा और किसान दोनों का लाभ हो। बिहार में मक्‍के से एथेनॉल बनेगा। इससे एक तरफ बिहार के किसानों को मक्‍के की अच्‍छी कीमत मिलेगी तो वहीं दूसरी तरफ युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस परियोजना से  संभवतः पेट्रोल की खपत कम की जा सकती है। गडकरी का कहना है कि राज्य के विकास के लिए हर संभव काम करेंगे। 

गांधी सेतु के पूर्वी लेन के उद्घाटन के बाद नितिन गडकरी ने 15 अन्‍य परियोजनाओं का भी शिलान्‍यास और लोकार्पण किया। छपरा से गोपालगंज के बीच दो लेन की 94 किमी सड़क है, जिसकी लागत 1150 करोड़ रुपए आएगी। इसके निर्माण से सारण प्रमंडल से गोरखपुर, बलिया, देवरिया, गाजीपुर के साथ-साथ वाराणसी का कनेक्शन मिलेगा। नितिन गडकरी ने कहा छपरा से गोपालगंज जाने वाली 94 किलोमीटर की इस सड़क से उत्‍तर प्रदेश जाने वालों को सबसे ज्‍यादा फायदा होगा। सड़क के रास्‍ते बनारस जाना आसान हो जाएगा। इसके अलावा गोरखपुर, देवरिया, बलिया और यूपी का गाजीपुर नजदीक हो जाएगा।

इन परियोजनाओं का किया शिलान्‍यास -

मुंगेर-भागलपुर-मिर्जाचौकी फोर लेन ग्रीन फील्ड : इस सड़क की लंबाई 124 किमी और लागत 5788 करोड़ रुपए होगी। इस सड़क के निमार्ण से बिहार और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

औरंगाबाद से चोरदाहा (झारखंंड सीमा) छह लेन की सड़क परियोजना : यह सड़क 70 किमी लंबी और इसकी लागत 1508 करोड़ है। यह सड़क योजना भी बिहार झारखंड के बीच कनेटिविटी बढ़ाएगी। साथ ही बंगाल जाने वालों के लिए समय की बचत करवाएगी।

चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर : बेगूसराय शहर में चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जा रहा है जिसकी लंबाई चार किमी और लागत 256 करोड़ होगी।

दो लेन अप्रोच रोड और आरओबी : जयनगर बाईपास पर दो लेन अप्रोच रोड के साथ आरओबी। इसकी लंबाई एक किमी और लागत 70 करोड़ है।

पुरानी मुंगेर-मिर्जाचौकी : पुरानी मुंगेर-मिर्जाचौकी सड़क का भी लोकार्पण किया गया, इसकी लंबाई 108 किमी और लागत 1044 करोड़ होगी।

चार लेन सड़क : कायम नगर से आरा शहर तक चार लेन सड़क बनाई जाएगी इसकी लंबाई नौ किमी और लागत 98 करोड़ होगी।

दो लेन सड़क : उमगांव से भेजा तक दो लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, इसकी लंबाई 89 किमी और लागत 1614 करोड़ आएगी है।

चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर : गोपालगंज शहर में चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा इसकी लंबाई तीन किमी और लागत 185 करोड़ की होगी।

अतिरिक्त दो लेन सड़क : एम्स पटना से नौबतपुर के बीच अतिरिक्त दो लेन सड़क का भी शिलान्‍यास किया गया जिसकी लंबाई 11 किमी और लागत 88 करोड़ रुपए होगी।

इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने भाषण में बिहार की परियोजनाओं को लेकर यहां की जनता से बड़े बड़े वादे किये हैं। मंत्री ने अपने भाषण में बिहार की जनता को आश्‍वासन दिया कि बिहार से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं को जल्द से जल्‍द पूरा किया जाएगा। नितिन गडकरी ने बताया कि बौद्ध सर्किट, जैन सर्किट और राम जानकी सर्किट के अलावा-अयोध्या सर्किट जैसी कुछ परियोजनाओं की डीपीआर को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 436 किलो मीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने जनता को आश्वस्त किया है कि 2024 से पहले बिहार की सड़कें अमेरिका जैसी होगी और ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही होगा। गडकरी ने कहा कि मैं जो कहता हूं, डंके की चोट पर करता हूं, जल्द ही इथेनॉल के क्षेत्र में बिहार काफी प्रगति करेगा। इससे किसानों को काफी फायदा होगा। नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार बहुत तेजी से बदल रहा है। हमें बिहार को भय, भूख और आतंकवाद से मुक्‍त कर बिहार का रोड नेटवर्क अमेरिका के बराबर हो जाएगा।

रिपोर्ट: सृष्टि सिंह