60 साल के दूल्हे ने 25 वर्षीय महिला संग लिए सात फेरे, मनिहारी की अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय
जानकारी के मुताबिक, छोटी बाघमारा निवासी सुग्रीव पासवान शहर में रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते हैं। इसी दौरान उनकी पहचान गांव की एक 25 वर्षीय महिला से हुई। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
जब दोनों के रिश्ते की जानकारी गांव और परिवार वालों को हुई तो उम्र के बड़े अंतर को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। शुरुआत में कुछ लोगों ने इस रिश्ते का विरोध भी किया, लेकिन बाद में मामला पंचायत तक पहुंचा। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद दोनों की सहमति को देखते हुए रिश्ते को मंजूरी दे दी गई।
इसके बाद गांव के मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से दोनों की शादी कराई गई। विवाह समारोह में ग्रामीणों और महिलाओं की अच्छी-खासी मौजूदगी रही। आसपास के लोग भी इस शादी को देखने के लिए पहुंचे।
शादी के बाद यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर भी लोग इस रिश्ते को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे प्रेम की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ लोग उम्र के अंतर को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सुग्रीव पासवान पहले से विवाहित हैं और उनके बच्चे भी हैं। वहीं महिला की भी पहले शादी हो चुकी थी। अब दोनों ने प्रेम विवाह के बाद साथ रहने का फैसला किया है और नए जीवन की शुरुआत कर दी है।







