Newshaat_Logo

पटना में आज जलेगा 90 फीट का रावण, गांधी मैदान में भव्य दशहरा आयोजन, 120 CCTV से निगरानी

बिहार की राजधानी पटना में आज विजयदशमी के मौके पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन किया जाएगा।
 
रावण

 

बिहार की राजधानी पटना में आज विजयदशमी के मौके पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन किया जाएगा। गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार यहां बिहार का सबसे ऊंचा, 90 फीट का रावण दहन किया जाएगा। खास बात यह है कि रावण के पुतले की ऊंचाई पिछले साल के मुकाबले 10 फीट बढ़ाई गई है।

रावण दहन के दौरान इस बार कई आकर्षक नजारे देखने को मिलेंगे। रावण की आंखों से अंगारे निकलेंगे, जबकि उसके मुंह से शोले निकलते दिखाई देंगे। वहीं, कानों और कंधों से रंगीन धुआं निकलेगा। लाइट एंड साउंड इफेक्ट्स के जरिए रावण के हंसने का दृश्य भी दिखाया जाएगा। इसके साथ ही लंका दहन की विशेष प्रस्तुति भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इस बार रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई भी बढ़ाई गई है। कुंभकर्ण का पुतला 80 फीट और मेघनाद का पुतला 85 फीट ऊंचा बनाया गया है। तीनों पुतलों को साउथ इंडियन स्टाइल और राजस्थानी थीम के परिधानों से सजाया गया है। इन पुतलों का निर्माण आगरा से आए अनुभवी कारीगरों ने किया है। कार्यक्रम का आयोजन श्री दशहरा कमेटी ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है।

वहीं, आयोजन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान की निगरानी 120 सीसीटीवी कैमरों के अलावा वॉच टावर और ड्रोन कैमरों से की जाएगी। मैदान को चार सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में वरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही अस्थायी थाना और क्विक रिस्पांस टीम भी बनाई गई है।

यातायात व्यवस्था के तहत सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मैदान के अंदर और आसपास वाहन खड़े करने के साथ ठेला-खोमचा लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को दोपहर एक बजे तक ड्यूटी पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और स्कैनिंग के बाद ही लोगों को मैदान में प्रवेश मिलेगा।

कुल मिलाकर, पटना के गांधी मैदान में इस बार भव्य रावण दहन के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।