Newshaat_Logo

मुंगेर में ‘जमीन न्याय’ का बड़ा दरबार! 4 अप्रैल को डिप्टी सीएम सुनेंगे हर फरियाद, मौके पर होगा समाधान

 
मुंगेर में ‘जमीन न्याय’ का बड़ा दरबार! 4 अप्रैल को डिप्टी सीएम सुनेंगे हर फरियाद, मौके पर होगा समाधान
Bihar news: बिहार में जमीन से जुड़े विवादों और लंबित मामलों को लेकर सरकार अब सीधे जनता के बीच उतरने जा रही है। 4 अप्रैल को मुंगेर के प्रेक्षा गृह में ‘भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद’ का आयोजन किया जाएगा, जहां उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा खुद लोगों की समस्याएं सुनेंगे और तत्काल समाधान के निर्देश देंगे।

9 अंचलों के लिए 9 काउंटर, आसान होगी प्रक्रिया

कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जिले के सभी 9 अंचलों के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं। यहां दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमीन मापी, अतिक्रमण और भूमि विवाद से जुड़े मामलों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। साथ ही एक अलग हेल्प डेस्क भी होगा, जहां लोगों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

सुबह रजिस्ट्रेशन, फिर सीधी सुनवाई

सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक रजिस्ट्रेशन होगा, जबकि 11 बजे से डिप्टी सीएम अधिकारियों के साथ आमने-सामने बैठकर फरियाद सुनेंगे। पहले से आवेदन दे चुके लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बड़े अधिकारियों की मौजूदगी

इस जनसंवाद में राजस्व विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो मौके पर ही मामलों के निपटारे की दिशा में काम करेंगे।

दोपहर में सख्त समीक्षा बैठक

दोपहर 3:30 बजे से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी, जिसमें लंबित दाखिल-खारिज, मापी, सर्वे और ‘अभियान बसेरा-2’ जैसे मामलों की गहन समीक्षा की जाएगी। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए गए हैं।

हर आवेदन पर होगी निगरानी

सरकार ने साफ किया है कि जनसंवाद में आने वाली हर शिकायत को पोर्टल पर अपलोड कर उसकी प्रगति की जानकारी सीधे आवेदक को दी जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।