जमीन विवाद बना खौफनाक वारदात की वजह, दो मासूमों से छिन गई मां..घर में घुसकर महिला की हत्या...
Bihar: बिहार के सहरसा जिले में जमीनी रंजिश ने एक खौफनाक रूप ले लिया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत स्थित ओरेली भलेवा (वार्ड संख्या 7) में देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के समय महिला का पति किसी तरह छत से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल.
मृतका के पति छेलाबिहारी ने बताया कि रात करीब एक बजे वे लोग सो रहे थे, तभी घर के बाहर कुछ आहट सुनाई दी. नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि दर्जनों हथियारबंद बदमाश उनके घर की तरफ तेजी से बढ़ रहे थे. खतरा भांपकर वह शोर मचाते हुए छत के रास्ते भाग निकले. इधर, घर के अंदर सो रही रौशनी कुमारी बदमाशों के हत्थे चढ़ गई. हमलावरों ने उसकी गर्दन में ताबड़तोड़ चाकू गोद दिए, जिससे रौशनी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. भागते समय बदमाशों ने घर के बाहर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया. सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला जमीनी रंजिश से जुड़ा है. इसी महीने की 2 तारीख को दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर हिंसक झड़प हुई थी. उस समय सलखुआ थाने में दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई थी. मामले के आरोपी फिलहाल फरार हैं और इसी बीच उन्होंने यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
रौशनी कुमारी की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे हैं पांच साल की बेटी कोमल और तीन साल का बेटा गोलू. घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित रहे। हालांकि, इस जघन्य कांड ने दोनों मासूमों के सिर से हमेशा के लिए मां का साया छीन लिया है. मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच कर रही है. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.







