बिहार में उच्च शिक्षा का नया अध्याय, 211 नए डिग्री कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई; विधानसभा अध्यक्ष ने बताया ऐतिहासिक कदम
Bihar News: बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्य के 211 प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इसे राज्य के शिक्षा इतिहास का ऐतिहासिक और दूरगामी फैसला बताया।
राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोंच में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नए कॉलेजों का शुभारंभ केवल शैक्षणिक संस्थानों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए बेहतर भविष्य, ज्ञान और आत्मनिर्भरता के नए द्वार खोलने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र जैसे प्रमुख विषयों की पढ़ाई शुरू हो चुकी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अब विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अपने ही प्रखंड में डिग्री कॉलेज उपलब्ध होने से आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षा तक पहुंच आसान बनेगी। उनके अनुसार, जब शिक्षा गांवों तक पहुंचती है तो उसका लाभ केवल छात्रों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा समाज विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। नए विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों, पुस्तकालयों, डिजिटल शिक्षा और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान भी शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानता है। शिक्षित और जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इसलिए शिक्षा का विस्तार राज्य के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालयों तथा शिक्षकों को इस पहल के लिए बधाई दी। साथ ही नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि ये 211 नए डिग्री कॉलेज बिहार में उच्च शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।







