रामचक बैरिया में कचरे से बिजली बनाने का प्लांट लगेगा, 515 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास पीएम मोदी से कराने की तैयारी
रामचक बैरिया में कचरे से बिजली ज बनाने (वेस्ट-टू-एनर्जी) की दिशा में काम तेज हो गया है। करीब 514.59 करोड़ की लागत से बनने वाले 15 मेगावाट क्षमता के इस संयंत्र का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की तैयारी चल रही है। इसे लेकर पटना नगर निगम से लेकर नगर विकास विभाग तक सक्रिय हो गया है। रामचक बैरिया का डंपिंग यार्ड 84 एकड़ में फैला है, जहां 22 साल पुराने कचरे का पहाड़ जमा है।
पहले फेज का प्लांट लगाने के लिए इस महीने तक 35 एकड़ जमीन खाली कराने का लक्ष्य रखा गया । जमीन खाली कराने में नगर निगम ने तीन एजेंसियों को लगाया है, जिन्होंने अपनी प्रगति रिपोर्ट भी सौंप दी है। नैकॉफ को 22 एकड़ भूमि से 6 लाख घनमीटर लीगेसी वेस्ट के निष्पादन की जिम्मेदारी दी गई है। ईकोस्टान करीब 14 एकड़ भूमि पर जमा 8 लाख घनमीटर कचरे का बायो-रीमीडियेशन कर रही है। पाथ्या 7 एकड़ भूमि से 5 लाख घनमीटर कचरे का निष्पादन कर रही है
इस परियोजना के तहत पटना क्लस्टर के 13 निकायों के ठोस कचरे का एकीकृत प्रबंधन होगा। इनमें पटना नगर निगम के अलावा दानापुर निजामत, फतुहा, खगौल, फुलवारीशरीफ, बख्तियारपुर, मसौढ़ी, बिहटा, संपतचक और मनेर नगर परिषद, नौबतपुर, पुनपुन और खुसरूपुर नगर पंचायत शामिल हैं।







