बिहार में कुदरत का भयंकर रूप, आंधी-बिजली से 5 की मौत, 10 झुलसे..अगले 24 घंटे भारी...
Bihar Weather Today: बिहार में मौसम के बदले मिजाज ने तबाही मचा दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली (ठनका) की चपेट में आने से प्रदेश में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पटना, मुजफ्फरपुर और नालंदा समेत कई जिलों में बिजली गिरने से पेड़ों में आग लग गई, वहीं अररिया में दीवार गिरने से बड़ा हादसा हुआ।
वज्रपात और हादसों में जान-माल का नुकसान
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कुदरत का कहर देखने को मिला है। गयाजी में बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। वहीं, जमुई के चकाई इलाके में 15 वर्षीय छात्रा रागनी कुमारी ठनका की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मोकामा के टाल क्षेत्र में काम कर रहे 10 मजदूर बिजली गिरने से बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अररिया में तेज आंधी के कारण एक दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
पेड़ों पर गिरा ठनका
राजधानी पटना के साथ-साथ नालंदा और मुजफ्फरपुर में ताड़ के पेड़ों पर बिजली गिरने से उनमें भीषण आग लग गई। मौसम के इस अचानक बदलाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रक्सौल में मूसलाधार बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। शनिवार सुबह से ही बेतिया और बगहा में भारी बारिश हो रही है, जबकि पटना और रक्सौल समेत 6 जिलों में रुक-रुक कर फुहारें पड़ रही हैं।
25 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में 3°C से 5°C तक की गिरावट आने की संभावना है। 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बाकी 21 जिलों में येलो अलर्ट के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। इस बेमौसम बरसात ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है







