बंगाल से लौटते वक्त हादसा: कुम्हरार के BJP विधायक संजय गुप्ता घायल, सीने में चोट- डॉक्टरों के निगरानी में
अचानक अनियंत्रित हुआ वाहन, हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, विधायक संजय गुप्ता पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल में पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी कार्यक्रमों में व्यस्त थे। सिलीगुड़ी में कार्यक्रम खत्म कर वे पटना लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। सीने में चोट लगने के कारण उन्हें फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। एहतियातन एक्स-रे समेत अन्य जरूरी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है। राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
समर्थकों में चिंता, नेताओं ने लिया हालचाल
इस घटना की खबर मिलते ही कुम्हरार क्षेत्र के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। कई स्थानीय नेता अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने लगे, जबकि पटना में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने फोन के जरिए स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सियासी माहौल के बीच हादसा
बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने भाजपा खेमे को कुछ समय के लिए स्तब्ध कर दिया है। अब सभी की नजर उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना शिफ्ट किया जा सके।







