Newshaat_Logo

CM सम्राट चौधरी की सुरक्षा में चूक पर एक्शन, महिला सिपाही निलंबित; ट्रैफिक ड्यूटी में लापरवाही पर भी गिरी गाज

 
CM सम्राट चौधरी की सुरक्षा में चूक पर एक्शन, महिला सिपाही निलंबित; ट्रैफिक ड्यूटी में लापरवाही पर भी गिरी गाज

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद पटना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। निर्धारित स्थान से गायब मिलने पर महिला सिपाही निशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं गृह रक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पटना जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।

बाटा मोड़ पर तैनाती के बावजूद गायब मिलीं महिला कर्मी

मुख्यमंत्री का चैंबर ऑफ कॉमर्स में कार्यक्रम निर्धारित था। कार्यक्रम को देखते हुए रूट लाइन पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों और गृह रक्षकों की तैनाती की गई थी। इसी क्रम में महिला सिपाही निशा कुमारी और गृह रक्षक रुचि कुमारी को बाटा मोड़ के पास ड्यूटी पर लगाया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान दोनों अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद नहीं मिलीं। बताया गया कि ड्यूटी स्थल छोड़ने से पहले दोनों ने संबंधित अधिकारियों को भी इसकी सूचना नहीं दी थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा जैसे संवेदनशील दायित्व के दौरान इस तरह की गैरहाजिरी को विभाग ने गंभीरता से लिया।

निशा कुमारी के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं रुचि कुमारी के मामले में पटना डीएम को प्रतिवेदन भेजा गया है। उनके स्तर से मामले की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाने पर तीन कर्मियों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री की सुरक्षा के अलावा यातायात व्यवस्था में भी ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आई। बाकरगंज ट्रैफिक पोस्ट के निरीक्षण के दौरान ASI रविंद्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृह रक्षक सूरज कुमार ड्यूटी के वक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते मिले।

विभाग ने इसे ड्यूटी में गंभीर कोताही मानते हुए संबंधित कर्मियों का वेतन रोक दिया है। साथ ही सभी को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

कारगिल चौक ट्रैफिक पोस्ट पर भी वेतन रोका

कारगिल चौक यातायात पोस्ट पर तैनात कर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही के बाद संबंधित कर्मियों का वेतन रोकने का फैसला लिया गया।

पटना पुलिस और प्रशासन की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी में लापरवाही को लेकर अब सख्ती बरती जा रही है। खासकर मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी की सुरक्षा में तैनात जवानों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहना अनिवार्य माना जा रहा है।