4 दिन की खामोशी के बाद अचानक एक्टिव हुए नीतीश कुमार, पुराने सहयोगियों और अफसरों से की अहम मुलाकात
रविवार सुबह सबसे पहले नीतीश कुमार ने वरिष्ठ जदयू नेता और मंत्री विजेंद्र यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक विभिन्न मुद्दों पर बातचीत भी हुई। इसके बाद उन्होंने पटना के पूर्व जिलाधिकारी और अपने पूर्व सचिव रह चुके वर्तमान जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह के आवास पहुंचकर मुलाकात की। यहां भी उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के साथ-साथ कई विषयों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने कई पुराने राजनीतिक साथियों और भरोसेमंद अधिकारियों से भी मुलाकात की। करीब 45 मिनट तक चले इस मुलाकाती दौर के बाद वे वापस अपने आवास लौट गए।
गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से नीतीश कुमार किसी भी सार्वजनिक मंच, सरकारी कार्यक्रम या राजनीतिक गतिविधि में दिखाई नहीं दिए थे। ऐसे में उनकी अचानक सक्रियता ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
हालांकि इन मुलाकातों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई राजनीतिक संदेश नहीं दिया गया है, लेकिन जानकार इसे महज शिष्टाचार मुलाकात से अधिक मान रहे हैं। बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की हर गतिविधि पर नजर रहती है और ऐसे में उनकी यह सक्रियता कई तरह के राजनीतिक संकेतों के रूप में भी देखी जा रही है।
फिलहाल, नीतीश कुमार की इन मुलाकातों ने बिहार की सियासत में एक बार फिर अटकलों का दौर शुरू कर दिया है, और राजनीतिक गलियारों की निगाहें अब उनकी अगली गतिविधियों पर टिकी हुई हैं।







