68 साल बाद बिहार राज्य भंडार निगम में नियमित भर्ती, 15 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्ष 1958 के बाद पहली बार निगम में नियमित भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने इसे निगम के इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताते हुए कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए अवसर सृजन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतीक है।
राम कृपाल यादव ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से बिहार राज्य भंडार निगम की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में और मजबूती आएगी। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मंत्री ने कहा कि यह भर्ती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला कदम है। साथ ही यह बिहार सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार राज्य भंडार निगम राज्य की भंडारण व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और एफसीआई समेत कई विभागों को सेवाएं प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में आईबीपीएस के माध्यम से और नियुक्तियां कर निगम में मानव संसाधन की कमी दूर की जाएगी। साथ ही कोल्ड चेन और आधुनिक भंडारण सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जाएगा।
बिहार राज्य भंडार निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन ने बताया कि निगम में सहायक और तकनीकी सहायक समेत 11 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। दूसरे चरण में नियुक्ति पत्रों का वितरण अगले महीने किया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार राज्य भंडार निगम, भारत सरकार के केंद्रीय भंडारण निगम और बिहार सरकार का संयुक्त उपक्रम है। मानव संसाधन की आवश्यकता को देखते हुए पी.सी.डी.ओ. पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। रोस्टर क्लीयरेंस और अन्य प्रशासनिक स्वीकृतियों के बाद आईबीपीएस, मुंबई के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा आयोजित कर पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई।
कार्यक्रम में निबंधक सहयोग समितियां रजनीश कुमार, अपर सचिव अभय कुमार सिंह समेत विभाग और निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







