Newshaat_Logo

पटना के गांधी मैदान में ‘एग्रो बिहार-2026’ की धमाकेदार शुरुआत, एक ही जगह दिख रहे खेती के 100 से ज्यादा आधुनिक यंत्र

 
पटना के गांधी मैदान में ‘एग्रो बिहार-2026’ की धमाकेदार शुरुआत, एक ही जगह दिख रहे खेती के 100 से ज्यादा आधुनिक यंत्र
Bihar news: राजधानी पटना के गांधी मैदान में गुरुवार से राज्य स्तरीय कृषि यांत्रीकरण मेला ‘एग्रो बिहार-2026’ का आगाज हो गया। मेले का उद्घाटन बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने किया। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में किसानों को आधुनिक खेती से जुड़ी नई तकनीकों और मशीनों की जानकारी दी जा रही है।

करीब दो लाख वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां देश के कई राज्यों से आए कृषि यंत्र निर्माता अपने आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों को इन मशीनों को करीब से देखने, समझने और खरीदने का भी मौका मिल रहा है।

उद्घाटन समारोह में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को तकनीक से जोड़ना और खेती को आधुनिक बनाना है, ताकि उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र अनुदानित दर पर उपलब्ध करा रही है और यह अनुदान डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है।

वहीं कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि यह मेला किसानों और नई तकनीक के बीच एक सेतु का काम कर रहा है। उनके अनुसार बढ़ती आबादी के बीच खेती की चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि छोटे और सीमांत किसानों को सुविधा देने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में कस्टम हायरिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं, जहां से किसान किराये पर कृषि यंत्र लेकर खेती कर सकेंगे।

इस अवसर पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) बिहार के अध्यक्ष गौरव साह ने कहा कि बिहार की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, इसलिए खेती को तकनीक से जोड़ना समय की मांग है। वहीं कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव ने बताया कि राज्य में कृषि यांत्रिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि एग्रो बिहार-2026 मेला 15 मार्च तक गांधी मैदान में जारी रहेगा, जहां किसान आधुनिक मशीनों के साथ-साथ नई कृषि तकनीकों की भी जानकारी हासिल कर सकेंगे।