Newshaat_Logo

राहुल गांधी की यात्रा से पहले भाजपा का हमला– ‘मम्मी से पूछो मिल क्यों बिकी

 
राहुल गांधी की यात्रा से पहले भाजपा का हमला– ‘मम्मी से पूछो मिल क्यों बिकी

राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा से पहले ही सियासी पारा चढ़ने लगा है। रविवार को बेतिया में भाजपा सांसद और लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

‘कुड़िया कोठी मैदान’ पर राहुल से तीखा सवाल

जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी 28 अगस्त की रात जिस कुड़िया कोठी मैदान में ठहरेंगे, वह चनपटिया चीनी मिल की जमीन रही है। उन्होंने पूछा, “क्या राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी से यह सवाल पूछेंगे कि आखिर इस चीनी मिल को मात्र दो करोड़ में कबाड़ी को क्यों बेच दिया गया?”

नीतीश के पुल का उदाहरण देकर साधा निशाना

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी जब नौतन से गोपालगंज जाएंगे, तो उन्हें नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए। क्योंकि आज जिस पुल से 19 किलोमीटर की दूरी में सफर संभव है, कभी वही सफर 110 किलोमीटर का हुआ करता था।

‘डकैतों का इलाका’ था ये क्षेत्र-जायसवाल

सांसद ने तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि जिस इलाके से राहुल और तेजस्वी गुजरेंगे, वही कभी लालू-राबड़ी शासनकाल में डकैतों का गढ़ कहलाता था। उस दौर में हत्या, अपहरण और डकैती आम बात थी। यहां तक कि बैलेट पेपर की लूट होती थी, जिसे आज वोट चोरी कहा जाता है, जायसवाल ने आरोप लगाया।

भागीरथी देवी ने स्टालिन को घेरा

इस प्रेस वार्ता में भाजपा विधायक भागीरथी देवी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, स्टालिन ने बिहार और यूपी के लोगों को शौचालय साफ करने वाला बताया। उन्हें मुजफ्फरपुर की धरती से पूरे बिहारवासियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी जानबूझकर ऐसे लोगों से बिहार का अपमान करवाते हैं।

मौके पर अन्य भाजपा नेता भी मौजूद

इस मौके पर चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह और भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल के साथ रामनगर विधायक भागीरथी देवी भी मंच पर मौजूद रहीं।