Newshaat_Logo

लैंडिंग के वक्त टूटा विमान का नोज व्हील, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में मची अफरा-तफरी; 135 यात्री सुरक्षित

 
लैंडिंग के वक्त टूटा विमान का नोज व्हील, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में मची अफरा-तफरी; 135 यात्री सुरक्षित
Newshaat Desk: हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही एअर इंडिया एक्स्प्रेस की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब लैंडिंग के दौरान विमान के नोज व्हील में तकनीकी खराबी आ गई। रनवे पर उतरते ही विमान का आगे का लैंडिंग गियर टूट गया, जिससे कुछ देर के लिए विमान रनवे पर ही रुक गया। हालांकि पायलट और क्रू की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार यह घटना 11 मार्च को फ्लाइट IX938 के साथ हुई। विमान सुबह करीब 6:10 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था और करीब 11:24 बजे फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा।

रनवे पर उतरते ही आई तकनीकी समस्या

जैसे ही विमान ने फुकेट एयरपोर्ट के रनवे को छुआ, उसका नोज व्हील टूट गया और विमान आगे बढ़ने के बजाय वहीं रुक गया। इस दौरान विमान में मौजूद करीब 135 यात्री और 6 क्रू सदस्य कुछ देर के लिए घबरा गए।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यात्रियों को सावधानीपूर्वक विमान से बाहर निकाला गया। बाद में विमान को टो करके हैंगर तक ले जाया गया, जहां उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।

कुछ समय के लिए बंद रहा रनवे

फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार इस घटना के कारण एयरपोर्ट का एकमात्र रनवे कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ।

एयरलाइन ने दिया बयान

इस मामले पर एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि लैंडिंग के दौरान नोज व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई थी। हालांकि पायलट और क्रू ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, एयरलाइन ने यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया है।