बिहार की प्रतिभा ने अमेरिका में रचा इतिहास: एआई इंजीनियर ऐश्वर्या वर्मा बनीं ‘मिस इंडिया वॉशिंगटन 2025’
Bihar news: अमेरिका के रेंटन शहर में 30 नवंबर को आयोजित 13वें ग्लोबल वुमन फेस्टिवल में बिहार की बेटी ऐश्वर्या वर्मा ने अपनी चमक बिखेरते हुए मिस इंडिया वॉशिंगटन 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। पेशे से एआई इंजीनियर ऐश्वर्या ने कड़े मुकाबले में अपनी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास और दमदार व्यक्तित्व के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
महिला सशक्तिकरण के मंच पर शानदार जीत
AmPowering संस्था द्वारा आयोजित यह फेस्टिवल न सिर्फ एक सौंदर्य प्रतियोगिता है, बल्कि नेतृत्व, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का एक वैश्विक मंच माना जाता है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को पब्लिक स्पीकिंग, व्यक्तित्व, बौद्धिक क्षमता, सामाजिक सोच और प्रभाव जैसे चुनौतीपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ा। हर कसौटी पर खड़ी उतरकर ऐश्वर्या ने दर्शाया कि तकनीकी दुनिया में परखी हुई उनकी क्षमता मंच पर भी उतनी ही दमदार है।
पटना से अमेरिका-सपनों की उड़ान
चार साल पहले पटना से अमेरिका पहुंचीं ऐश्वर्या ने वहां मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की और पिछले तीन वर्षों से एक प्रतिष्ठित कंपनी में एआई इंजीनियर के रूप में काम कर रही हैं। टेक्नोलॉजी (STEM) में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और बालिका शिक्षा को लेकर जागरूकता फैलाना उनका निजी मिशन है।
अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर ऐश्वर्या ने कहा-“यह जीत बिहार की हर उस लड़की को समर्पित है जो बड़े सपने देखती है। टेक्नोलॉजी, नेतृत्व और नवाचार हर क्षेत्र में महिलाएँ अपनी पहचान बना सकती हैं।”
अगला पड़ाव: मिस इंडिया यूएसए 2025
इस जीत के साथ ऐश्वर्या अब फरवरी में न्यू जर्सी में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के मिस इंडिया यूएसए 2025 पेजेंट में वॉशिंगटन राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उनकी सफलता ने वॉशिंगटन में भारतीय समुदाय के साथ-साथ पटना स्थित परिवार और शुभचिंतकों में भी ख़ुशी की लहर दौड़ा दी है।
ऐश्वर्या की यह यात्रा सिर्फ एक पेजेंट की जीत नहीं, बल्कि बिहार की बेटियों के लिए एक प्रेरणा है कि सपने चाहे जितने बड़े हों, मेहनत और हिम्मत से उन्हें सच किया जा सकता है।







