गया में ‘आकांक्षा–सह–सखी निवास’ का शुभारंभ, कामकाजी महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और सस्ता आवास
यह छात्रावास राज्य सरकार की “मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना” और केंद्र सरकार की “मिशन शक्ति योजना” के तहत संचालित होगा। इसका उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती आवास उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने करियर पर बिना किसी चिंता के ध्यान दे सकें।
छात्रावास में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था की गई है। यहां रहने के साथ भोजन की सुविधा भी मात्र 3000 रुपये प्रतिमाह में उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा खासतौर पर उन महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित होगी, जो रोजगार के लिए अपने गृह जिले से बाहर रह रही हैं।
उद्घाटन के दौरान बन्दना प्रेयषी ने कहा कि आज के समय में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए सुरक्षित आवास की जरूरत बेहद जरूरी हो गई है। यह छात्रावास महिलाओं को न सिर्फ सुरक्षा देगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित करेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले पटना और मुजफ्फरपुर में भी इसी तरह के छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। गया में इसकी शुरुआत को इस योजना के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
छात्रावास के संचालन के लिए अधीक्षिका, सुरक्षा कर्मी, रसोइया और अन्य आवश्यक स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है, जिससे यहां रहने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस पहल को महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।







