Newshaat_Logo

मानसून सत्र के पहले दिन अनंत सिंह का बड़ा बयान, निशांत कुमार को दी जन्मदिन की बधाई; कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

 
मानसून सत्र के पहले दिन अनंत सिंह का बड़ा बयान, निशांत कुमार को दी जन्मदिन की बधाई; कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

Bihar news: बिहार विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को राजनीतिक हलचल और विपक्ष के हंगामे के बीच हुई। इसी दौरान मोकामा से विधायक अनंत सिंह भी विधानसभा पहुंचे और मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि वह जल्द ही उनसे मुलाकात कर व्यक्तिगत रूप से बधाई देंगे। उन्होंने निशांत कुमार के बेहतर स्वास्थ्य और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना भी की।

कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को बताया बेबुनियाद

बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर अनंत सिंह ने सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और इसे लेकर बेवजह राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक बिहार की स्थिति सामान्य है और विपक्ष इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति कर रहा है।

NEET मुद्दे पर सदन में हंगामा

मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

राजद विधायक आलोक मेहता और भाई वीरेंद्र ने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताई। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अपील के बाद विपक्षी सदस्य शांत हुए और सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।

शोक प्रस्ताव के बाद स्थगित हुई कार्यवाही

सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत नेताओं और पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक प्रस्ताव पढ़ा। इसके बाद सदन ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में मौन रखा और कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विधानसभा में पहली बार डिजिटल व्यवस्था लागू

इस बार मानसून सत्र में विधायकों की सुविधा के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। अब विधायक शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव से संबंधित सूचनाएं ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसके लिए सुबह 8 से 9 बजे तक शून्यकाल और 9 से 10 बजे तक ध्यानाकर्षण प्रस्तावों की ऑनलाइन प्रविष्टि की व्यवस्था की गई है।

आने वाले दिनों में तीखी सियासी जंग के संकेत

20 से 24 जुलाई तक चलने वाले इस मानसून सत्र में विपक्ष कानून-व्यवस्था, भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर, रिशु श्री प्रकरण, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और विकास योजनाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं, सरकार अपने कामकाज और विकास योजनाओं के आधार पर विपक्ष के सवालों का जवाब देने की रणनीति बना रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस और राजनीतिक टकराव देखने की संभावना है।