जेल से रिहा होते ही गरजे अनंत सिंह, कहा- "राजद को 15 सीट भी मुश्किल!"
Patna: बिहार की सियासत में एक बार फिर से 'छोटे सरकार' यानी मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की जोरदार वापसी हुई है। बुधवार को बेउर जेल से रिहा होते ही उन्होंने न सिर्फ अपने समर्थकों के बीच जबरदस्त उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि सीधा सियासी वार भी कर दिया।
राजद पर तीखा हमला
जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह ने कहा, इस बार चुनाव में लालू यादव को 15 सीट लाने में भी दम फूल जाएगा। राजद को सिर्फ 15-16 सीट ही मिलेंगी। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि बाकी सारी सीटें भाजपा और नीतीश कुमार की झोली में जाएंगी। उन्होंने कहा,अगर बिहार में नीतीश कुमार की सरकार 10 साल और चली, तो मैं उन्हें सोना से तोलवाऊंगा।
निशांत के राजनीति में आने पर राय
जब अनंत सिंह से नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, उन्हें जरूर आना चाहिए। पढ़े-लिखे हैं, विद्वान हैं। जब सब अनपढ़ नेता राजनीति में आ रहे हैं, तो वो क्यों नहीं? तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए बोले, तेजस्वी सातवीं फेल हैं। उनकी सबसे बड़ी योग्यता यही है कि वो लालू यादव के बेटे हैं।
7 अगस्त को करेंगे भव्य रोड शो
गुरुवार 7 अगस्त को अनंत सिंह एक बार फिर अपने क्षेत्र मोकामा की जनता से मिलने निकलेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे पटना से रवाना होंगे और मोकामा के बाहा पर तक रोड शो करते हुए लोगों का अभिवादन करेंगे। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। "छोटे सरकार जिंदाबाद" और "मोकामा विधायक कैसा हो, अनंत सिंह जैसा हो" जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
सोनू-मोनू गोलीकांड में मिली जमानत
बता दें कि अनंत सिंह को एक दिन पहले पटना हाई कोर्ट से बहुचर्चित सोनू-मोनू गोलीकांड मामले में जमानत मिली थी। वे जनवरी 2025 से जेल में बंद थे।







