मगध विश्वविद्यालय में स्नातक में नामांकन के लिए अब 21 जून तक कर सकेंगे आवेदन
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो दिलीप कुमार केशरी ने विद्यार्थियों के हित का ध्यान में रखते हुए स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 21 जून तक करने का आदेश जारी किया है.
कुलपति ने बिहार सरकार द्वारा नव स्थापित 17 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून तक करने के लिए अधिसूचना जारी किया है. इन कॉलेजों में प्रारंभिक चरण में कुल छह विषयों यथा- हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास व राजनीति विज्ञान विषयों में पढ़ाई की व्यवस्था की गयी है, जिसमें प्रत्येक विषय में 48 सीटों पर नामांकन लिया जायेगा.
इस निर्णय से उपरोक्त 17 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ वैसे विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी जो किसी कारणवश अंगीभूत व संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों में समय सीमा के भीतर आवेदन करने से वंचित रह गये थे. इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के नामांकन पोर्टल पर व आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए डीएसडब्ल्यू प्रो प्रमोद कुमार चौधरी ने बताया कि मगध विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक स्तर के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 21 जून तक विस्तारित कर दी गयी है. इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के नामांकन पोर्टल एवं आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने राज्य के सभी महाविद्यालयों में एक जुलाई से नियमित शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षाओं के संचालन का निर्देश दिया है. सरकार उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शैक्षणिक सत्र को समयबद्ध क नियमित रखने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है. इसी के अनुरूप मगध विश्वविद्यालय भी नामांकन प्रक्रिया के पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
मगध विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र हित को ध्यान में रखते हुए नामांकन से संबंधित दिशा-निर्देशों, विषयवार सीटों पात्रता एवं अन्य आवश्यक जानकार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.magadhuniversity.ac.in पर अपलोड किया है. दाखिले के इच्छुक स्टूडेंट्स अवलोकन कर निर्धारित अवधि के तक अपना आवेदन जमा करा सकेंगे.







