DEO, LDC और PA की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द, टाइपिंग टेस्ट देने नहीं पहुंचे सफल अभ्यर्थी
बिहार विधान परिषद सचिवालय ने सीधी भर्ती के तहत 52 रिक्त पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर दी है। इन पदों में डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35, निम्न वर्गीय लिपिक (LDC) के 10 और निजी सहायक (PA) के 7 पद शामिल थे। अंतिम परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों में से कोई भी निर्धारित व्यावहारिक दक्षता जांच में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद सचिवालय ने पूरी नियुक्ति प्रक्रिया रद्द करने का आदेश जारी किया है।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर भी भर्ती रद्द
विधान परिषद सचिवालय ने विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर सीधी भर्ती निकाली थी। अंतिम परीक्षा में सफल 33 अभ्यर्थियों को 18 नवंबर 2026 को हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग टेस्ट के लिए बुलाया गया था। यह परीक्षा सचिवालय के मुख्य भवन में आयोजित की गई थी।
व्यावहारिक दक्षता जांच विशेषज्ञों के पैनल और दंडाधिकारी की मौजूदगी में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होनी थी। हालांकि, निर्धारित तिथि पर 33 में से एक भी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुआ। अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति के कारण सचिवालय ने डाटा एंट्री ऑपरेटर के सभी 35 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर दी।
LDC और PA के पदों की प्रक्रिया भी रद्द
सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निम्न वर्गीय लिपिक (LDC) के 10 और निजी सहायक (PA) के 7 पदों के लिए अंतिम परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भी व्यावहारिक दक्षता जांच के लिए बुलाया गया था। इन पदों के लिए भी अभ्यर्थी जांच में शामिल नहीं हुए।
इस संबंध में बिहार विधान परिषद सचिवालय के उप सचिव नवीन कुमार मिश्र ने सूचना जारी की है। अभ्यर्थियों के व्यावहारिक दक्षता जांच में शामिल नहीं होने के कारण तीनों श्रेणियों के कुल 52 पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है।







