आरा: टीएनए कॉलेज ऑफ एजुकेशन में अंकपत्र वितरण समारोह, विद्यार्थियों को मिला नए भविष्य का संदेश
Bihar News: तारकेश्वर नारायण अग्रवाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन (स्वायत्त महाविद्यालय), हरिगांव, आरा में बुधवार को अंकपत्र एवं प्रोविजनल प्रमाणपत्र वितरण समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य अतिथि, महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र सौंपते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ हुई। मंच संचालन डॉ. मनोज कुमार उपाध्याय और श्री प्रमोद कुमार ने किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राहुल कुमार पांडेय ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि यह समारोह केवल प्रमाणपत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की नई यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने छात्रों से ज्ञान, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. निरंजन प्रसाद यादव, कुलसचिव, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना ने कहा कि अंकपत्र सफलता का प्रमाण होने के साथ-साथ नई जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के शिक्षक केवल विषय विशेषज्ञ नहीं, बल्कि समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, नवाचार और तकनीकी दक्षता अपनाने की सलाह दी।
महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मुरारी अग्रवाल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, चरित्र और सेवा भावना को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की।
सह-अध्यक्षा श्रीमती अनीता कृष्णा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कारवान और संवेदनशील व्यक्तित्व का निर्माण करना है। वहीं निदेशक (प्रशासन) सुश्री आकांक्षा सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और कठिन परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक समाज का पथ-प्रदर्शक होता है और विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनाना चाहिए।
इसके बाद मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को अंकपत्र एवं प्रोविजनल प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम के अंत में परीक्षा नियंत्रक (प्रभारी) एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री चंदन कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
समारोह को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में डॉ. पी.एम. जेना, श्रीमती नीलम कुमारी, श्री प्रमोद कुमार, श्री सुनील कुमार, ई. विक्रांत सिंह, श्री अभिनाश कुमार, श्री डी.के. उपाध्याय, श्री अभिषेक कुमार, श्री अभिषेक राज, श्री रजई कुमार, श्री सनी देव निराला, श्री दीपक कुमार, श्री विपुल कुमार, श्री अक्षय कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







